महाराष्ट्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को पुणे में मेट्रो के नए प्रोजेक्ट्स का वर्चुअली उद्घाटन और शिलान्यास किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि हिंजेवाड़ी से शिवाजीनगर के बीच मेट्रो शुरू होने से पुणे के IT हब को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी. PM ने कहा कि नई मेट्रो लाइन से शहर के पुराने और नए इलाकों के बीच आवाजाही आसान होगी.
'भारत तेजी से गरीबी घटाने वाली अर्थव्यवस्था'
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने देश की अर्थव्यवस्था और गरीबी कम करने के प्रयासों का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि आज भारत वो देश है, जो सबसे तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था भी है और सबसे तेजी से गरीबी कम करने वाला देश भी है.
PM मोदी ने कहा कि देश की कई पीढ़ियां गरीबी हटाने के वादों और नारों के बीच बड़ी हुई हैं. पहले गरीबी से लड़ाई सिर्फ नारों में थी, लेकिन अब भारत जमीन पर गरीबी को हराने का काम कर रहा है.
प्रधानमंत्री ने देश में मेट्रो के विस्तार का आंकड़ा भी शेयर किया. उन्होंने कहा कि 1984 में भारत में पहली मेट्रो चली थी. इसके बाद अगले 30 साल में देश में सिर्फ 248 किलोमीटर मेट्रो लाइन बनी थी. 2014 तक केवल पांच शहरों में मेट्रो चल रही थी.
उन्होंने कहा कि 2014 में जब NDA सरकार को काम करने का मौका मिला, तब शहरों में रहने वाले मिडिल क्लास की ईज ऑफ लिविंग और ईज ऑफ ट्रांसपोर्टेशन को बेहतर बनाने का संकल्प लिया गया.
PM मोदी ने कहा कि, 2014 में देश में 248 किलोमीटर मेट्रो नेटवर्क था, जो अब बढ़कर 1,400 किलोमीटर हो गया है. पहले पांच शहरों में मेट्रो चलती थी, जबकि अब 26 शहरों में मेट्रो सेवा उपलब्ध है. उन्होंने कहा कि हर दिन एक करोड़ से ज्यादा लोग मेट्रो से सफर कर रहे हैं.
'पुणे के IT हब को मिलेगी बेहतर कनेक्टिविटी'
संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पुणे IT, ऑटोमोबाइल, फार्मा, स्टार्टअप और मैन्युफैक्चरिंग का बड़ा केंद्र है. यहां मेट्रो कनेक्टिविटी मजबूत होने से शहर के विकास को गति मिलेगी.
उन्होंने कहा कि करीब 10 साल पहले उन्हें पुणे मेट्रो के पहले चरण का शिलान्यास करने का मौका मिला था. अब हिंजेवाड़ी से शिवाजीनगर के बीच मेट्रो शुरू होने से IT हब को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी. उन्होंने नई लाइन के शिलान्यास का भी जिक्र किया और कहा कि इससे पुणे के पुराने और नए इलाकों के बीच संपर्क मजबूत होगा.
यह भी पढ़ें: सरदार पटेल को PM मोदी ने किया नमन, एकता नगर में 400 करोड़ के डेवलपमेंट प्रोजेक्ट की सौगात
PM मोदी ने कहा कि किसी शहर की पहचान इस बात से भी होती है कि वह कितना प्रतिस्पर्धी है और वहां लोगों के लिए रहना कितना आसान है. मेट्रो जैसी परियोजनाएं शहर को बेहतर, सुलभ और रहने लायक बनाने में मदद करती हैं.
aajtak.in