मुंबई से एक दर्दनाक मामला सामने आया है. यहां बारिश के दौरान दरवाजा बंद करने और सीट विवाद को लेकर फास्ट मुंबई लोकल ट्रेन के फर्स्ट क्लास डिब्बे में एक युवक की हत्या कर दी गई. हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपी ट्रेन रुकने से पहले ही फरार हो गया. इस घटना से यात्रियों में दहशत फैल गई. सूचना मिलते ही जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंच गई और आरोपी की तलाश में जुट गई है.
चलती ट्रेन में हत्या से यात्रियों में दहशत
बोरीवली जीआरपी पुलिस के अनुसार बारिश के चलते दरवाजा बंद करने को लेकर हुए विवाद में एक शख्स में अपने साथ लाए हुए चाकू से मयंक रमेश लोहार नामक शख्स की चाकू से मार कर हत्या कर दी. फिलहाल इस पूरे मामले में जीआरपी बोरीवली की तरफ से मामला दर्ज किया गया है और आरोपी की पहचान की जा रही है. हत्या के बाद से ही आरोपी फरार है.
जीआरपी के मुताबिक पीड़ित 22 वर्षीय मयंक लोहार और आरोपी ने अंधेरी से ट्रेन पकड़ी और वे एक ही फर्स्ट-क्लास कोच में यात्रा कर रहे थे. खबरों के मुताबिक तेज़ बारिश के दौरान कोच का दरवाज़ा बंद करने को लेकर दोनों यात्रियों के बीच बहस हो गई. बहस के दौरान, आरोपी ने कथित तौर पर पीड़ित के पेट में चाकू घोंप दिया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं और मौत हो गई.
हत्या के बाद ट्रेन रुकने से पहले ही उतरकर फरार हुआ यात्री
घटना को अंजाम देने के बाद बोरीवली स्टेशन पर ट्रेन के प्लेटफ़ॉर्म नंबर 6 पर पूरी तरह रुकने से पहले ही आरोपी ट्रेन से उतरा और मौके से भाग गया. इस घटना की जांच गवर्नमेंट रेलवे पुलिस (GRP) कर रही है. वहीं वेस्टर्न रेलवे जांच अधिकारियों को पूरा सहयोग दे रहा है. एक अन्य अधिकारी का कहना है कि इमरजेंसी रिस्पॉन्स के ज़रिए डिपार्टमेंट सभी यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है.
CCTV फुटेज और अन्य ज़रूरी सबूत तुरंत हासिल कर लिए गए हैं और जांच एजेंसियों को सौंप दिए गए हैं. जांच के दौरान और जानकारी सामने आएगी. जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. आपको बता दें कि बीते दिनों राजधानी दिल्ली से भी एक इसी तरह की घटना सामने आई थी. जहां ट्रेन में सीट के विवाद को लेकर एक युवक की हत्या कर दी गई थी.
मुंबई में बारिश से कई जगहों पर जलजमाव
बुधवार को मुंबई के लोगों की सुबह भारी बारिश के साथ हुई, जिससे लोकल ट्रेन सेवाएं बाधित हुईं. निचले इलाकों में पानी भर गया और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा. अधिकारियों ने बताया कि शहर के कुछ हिस्सों में सुबह 8 बजे तक पिछले 24 घंटों में 200 मिमी से ज़्यादा बारिश हुई.
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले 24 घंटों में मुंबई और उसके उपनगरों में गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश का अनुमान लगाया है. नगर निकाय के आंकड़ों के अनुसार सुबह 8 बजे तक पिछले 24 घंटों में शहर में औसतन 195 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि पश्चिमी उपनगरों में 208 मिमी और पूर्वी उपनगरों में 167 मिमी बारिश हुई.
मुबई में 13 दिन की देरी से आया मानसून
दक्षिण-पश्चिम मानसून मंगलवार को मुंबई पहुंचा. यह अपने सामान्य समय से 13 दिन देरी से आया, लेकिन इसने शहर और उपनगरों में ज़बरदस्त बारिश की और चिलचिलाती गर्मी से बहुत ज़रूरी राहत दिलाई.
हालांकि, रात भर हुई बारिश की वजह से बुधवार सुबह तक शहर के कई निचले इलाकों में पानी भर गया, जिससे सड़क पर ट्रैफ़िक और हज़ारों लोगों का रोज़ाना का आना-जाना प्रभावित हुआ.
सेल्समैन का काम करता था मयंक
मयंक लोहार विरार इलाके में रहता था. वह अंधेरी के वेस्टसाइड में सेल्समैन का काम करता था. मयंक का रोज़ का आना-जाना अंधेरी से विरार था. कल रात, वह चर्चगेट से विरार के लिए फर्स्ट क्लास कोच में अंधेरी से निकला था. भारी बारिश की वजह से रात करीब 10 बजे उसने दूसरे पैसेंजर से लोकल ट्रेन का दरवाज़ा बंद करने को कहा, लेकिन इस पर दोनों के बीच बहस हो गई.
बहस इतनी बढ़ गई कि दूसरे पैसेंजर ने मयंक पर धारदार हथियार से हमला कर दिया और उसे चाकू मार दिया. इस अचानक हुए हमले में मयंक की मौके पर ही मौत हो गई. बोरीवली रेलवे पुलिस ने इस मामले में हत्या का केस दर्ज कर लिया है. उस पर हमला करने वाला आरोपी अभी भी फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है.
दीपेश त्रिपाठी