दक्षिण मुंबई में फूड पॉइजनिंग से हुई चार लोगों की मौत के मामले में जांच तेज कर दी गई है. पुलिस ने मृतक परिवार के आखिरी खाने से जुड़े सभी सैंपल इकट्ठा कर उन्हें केमिकल एनालिसिस के लिए भेज दिया है. इस घटना ने पूरे इलाके में चिंता का माहौल बना दिया है. जानकारी के अनुसार, डोकाडिया परिवार ने शनिवार रात अपने घर पर एक पारिवारिक कार्यक्रम रखा था. यह कार्यक्रम इस्माइल कुर्ते रोड स्थित घारी मोहल्ला इलाके में हुआ था. कार्यक्रम में कुछ रिश्तेदार भी शामिल हुए थे, जिन्होंने परिवार के साथ भोजन किया.
बताया गया कि मेहमानों के जाने के कुछ घंटे बाद, रात करीब 1 बजे परिवार ने तरबूज खाया था. इसके बाद रविवार तड़के परिवार के सभी सदस्य अचानक बीमार पड़ गए. उन्हें तेज उल्टी और दस्त की शिकायत हुई, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया. मृतकों की पहचान अब्दुल्ला डोकाडिया (40), उनकी पत्नी नसरिन (35) और उनकी दो बेटियों आयशा (16) और जैनब (13) के रूप में हुई है. पहले उन्हें स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर उन्हें जेजे अस्पताल रेफर किया गया. इलाज के दौरान चारों की मौत हो गई.
चारों सदस्यों को उल्टी-दस्त के बाद अस्पताल ले जाया गया
मंगलवार को एक फॉरेंसिक टीम ने डोकाडिया परिवार के घर पहुंचकर जांच की. टीम ने परिवार के आखिरी भोजन में शामिल सभी चीजों के सैंपल लिए, जिनमें चिकन पुलाव, तरबूज, पानी और अन्य खाद्य पदार्थ शामिल हैं. इन सैंपल को केमिकल एनालिसिस के लिए कलीना स्थित फॉरेंसिक साइंस लैब भेजा गया है. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच कर रही टीम ने कार्यक्रम में शामिल पांच मेहमानों के बयान भी दर्ज किए हैं. इन मेहमानों ने अपने बयान में कहा है कि उन्होंने भी वही पुलाव खाया था, लेकिन उन्हें किसी तरह की उल्टी या दस्त की शिकायत नहीं हुई.
प्रारंभिक जांच में इसे फूड पॉइजनिंग का मामला माना जा रहा है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि जब तक फॉरेंसिक रिपोर्ट नहीं आ जाती, तब तक किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी. इस बीच चारों शवों का पोस्टमार्टम किया जा चुका है, लेकिन डॉक्टरों ने अपनी अंतिम राय सुरक्षित रखी है. इसके साथ ही शवों का विसरा भी जांच के लिए फॉरेंसिक लैब भेजा गया है. विसरा रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों की पुष्टि हो सकेगी.
मेहमानों ने भी खाया खाना, लेकिन नहीं हुई तबीयत खराब
इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोग खाने-पीने की चीजों को लेकर सतर्क हो गए हैं. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही सच्चाई सामने आएगी. फिलहाल इस मामले में सभी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है. पुलिस और फॉरेंसिक टीम मिलकर हर एंगल से जांच कर रही हैं ताकि इस दुखद घटना के पीछे की वजह का पता लगाया जा सके.
aajtak.in