मिल्कशेक में जहर देकर हेड कॉन्स्टेबल पिता की हत्या… 3 साल बाद प्रेमी ने खोला राज, बेटी निकली मास्टरमाइंड

महाराष्ट्र के चंद्रपुर में आर्या नाम की लड़की ने मिल्कशेक में जहर मिलाया और अपने पिता को पिला दिया. जहर पीने के बाद पिता जयंत बल्लावर ड्यूटी पर गए, लेकिन अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई. उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. अब तीन साल बाद आर्या के प्रेमी ने इस कहानी से पर्दा उठाया है. मृतक पिता पुलिस में थे.

Advertisement
3 साल बाद प्रेमी ने प्रेमिका के खिलाफ दर्ज कराया केस. (File Photo: ITG) 3 साल बाद प्रेमी ने प्रेमिका के खिलाफ दर्ज कराया केस. (File Photo: ITG)

विकास राजूरकर

  • चंद्रपुर,
  • 27 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 3:49 PM IST

महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने रिश्तों और भरोसे की नींव को झकझोर कर रख दिया है. यहां एक बेटी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पिता की हत्या की साजिश रची और उसे अंजाम भी दे दिया. यह खौफनाक राज पूरे तीन साल तक छिपा रहा. आखिरकार उसी प्रेमी ने इसे उजागर किया, जिसने इस साजिश में साथ दिया था.

Advertisement

यह मामला भद्रावती क्षेत्र का है, जहां मृतक जयंत बल्लावार हेड कॉन्स्टेबल के पद पर तैनात थे. उनकी बेटी आर्या भी पुलिस विभाग से जुड़ी हुई है. पुलिस जांच में सामने आया है कि आर्या का अपने प्रेमी आशीष महेश शेडमाके के साथ लंबे समय से प्रेम संबंध था. जब इस रिश्ते की जानकारी उसके पिता को हुई, तो उन्होंने इसका विरोध किया. इसी बात को लेकर घर में अक्सर झगड़े और तनाव की स्थिति बनी रहती थी.

धीरे-धीरे यह विवाद इतना बढ़ गया कि आर्या और उसके प्रेमी ने मिलकर जयंत बल्लावार को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली. प्लानिंग के तहत जहर की व्यवस्था की गई. इसके लिए आशीष ने अपने रिश्तेदार के एक नाबालिग बेटे की मदद ली और चैतन्य उर्फ मोंटी सचिन गेडाम से संपर्क किया. 24 अप्रैल 2023 को चैतन्य ने कांच की बोतल में जहर उपलब्ध कराया, जिसके बदले उसे 5,000 रुपये दिए गए.

Advertisement

यह भी पढ़ें: कुल्हाड़ी से काटकर पिता की हत्या, शव को पानी की टंकी में डाला, फिर बिरयानी खाकर कंबल ओढ़कर सो गया बेटा

इसके अगले दिन यानी 25 अप्रैल 2023 को आर्या ने अपने पिता को मिल्कशेक में जहर मिलाकर पिला दिया. जहर पीने के बाद जयंत बल्लावार अपनी ड्यूटी पर गए, लेकिन कुछ ही समय में उनकी तबीयत बिगड़ने लगी. उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

उस समय इस मामले को आकस्मिक मृत्यु मानकर दर्ज किया गया. जांच के दौरान आर्या ने पुलिस को गुमराह करने वाला बयान दिया, जिससे मामला धीरे-धीरे ठंडे बस्ते में चला गया. आरोपी खुद पुलिस विभाग से जुड़ी थी, जिससे शुरुआती जांच में अपेक्षित सख्ती नहीं बरती गई.

पुलिस के अनुसार, 2022 से दोनों के बीच प्रेम संबंध थे और 2023 में हत्या को अंजाम दिया गया. इसके बाद करीब दो साल तक दोनों साथ रहे, लेकिन समय के साथ उनके बीच विवाद बढ़ने लगा. इसी विवाद के चलते आशीष ने 23 मार्च को रामनगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई और पूरे मामले का खुलासा कर दिया.

यह भी पढ़ें: दूसरी औरत के लिए पत्नी की हत्या... पति ने गला घोंट दिया, फिर बोला- हार्ट अटैक से मौत हुई

Advertisement

शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू की. जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने आशीष महेश शेडमाके, आर्या जयंत बल्लावार, चैतन्य उर्फ मोंटी और एक नाबालिग के खिलाफ मामला दर्ज किया. पुलिस ने सभी आरोपियों को पकड़ लिया है और कार्रवाई शुरू कर दी है. फिलहाल पुलिस इस पूरे नेटवर्क और साजिश के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है.

इस मामले में आरोपी और पीड़ित दोनों ही पुलिस विभाग से जुड़े हुए हैं. ऐसे में विभागीय स्तर पर इस मामले को लेकर सतर्कता बरती जा रही है. एक बेटी द्वारा अपने ही पिता की हत्या का यह मामला झकझोर देने वाला है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस साजिश में और कौन-कौन शामिल था.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement