छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में होलिका दहन की रात दिल दहला देने वाली घटना सामने आई. नगर निगम क्षेत्र के बहेरापारा में एक बेटे ने अपने पिता की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी. पुलिस ने आरोपी बेटे को रात में ही गिरफ्तार कर लिया है.
मिली जानकारी के अनुसार बहेरापारा निवासी पारस केरकेट्टा लगभग 50 वर्ष के थे और अपने अलग मकान में रहते थे. उनके घर के बीच दो किराए के मकान छोड़कर उनका पुत्र प्रभात केरकेट्टा उर्फ लेदा रहता था. बताया जा रहा है कि रात करीब 11 बजे प्रभात शराब के नशे में घर पहुंचा. इस पर पिता ने उसे डांटा और नाराजगी जताई.
बेटे ने की पिता की हत्या
इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया. प्रत्यक्षदर्शियों और प्रारंभिक जांच के अनुसार गुस्से में आकर प्रभात ने घर में रखी टांगी निकाल ली और पिता के सिर पर कई वार कर दिए. गंभीर चोट लगने से पारस की मौके पर ही मौत हो गई. हत्या के बाद आरोपी ने शव को घर के बगल में बनी छोटी पानी की टंकी में डाल दिया. इसके बाद वह पास की एक दुकान से बिरयानी खाकर घर लौटा और कंबल ओढ़कर सो गया.
पुलिस ने आरोपी को अरेस्ट किया
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया. पूछताछ में उसने गुस्से में वारदात करना स्वीकार किया. मणिपुर थाना अंतर्गत ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में हुई इस घटना की पुलिस जांच कर रही है.
सुमित सिंह