गुजरात के भावनगर से चौंकाने वाली वारदात सामने आई है. यहां पति ने अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी और इसे हार्ट अटैक बताकर सच छिपाने की कोशिश की. लेकिन पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट ने पूरे मामले का खुलासा कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया. मृतका की पहचान अल्पा के रूप में हुई है, जो दो बेटों की मां थी.
दरअसल, अल्पा की शादी अर्जुन कालूभाई परमार से हुई थी. यह शादी परिवार की मर्जी के खिलाफ हुई थी. बचपन में ही दोनों की सगाई हो गई थी, लेकिन जब शादी का समय आया, तो दोनों परिवारों के बीच मतभेद हो गए. इसी बीच अल्पा और अर्जुन ने घर छोड़कर 26 सितंबर 2016 को कोर्ट मैरिज कर ली.
इस फैसले के बाद अल्पा के परिवार ने उससे रिश्ते तोड़ लिए. वह पूरी तरह ससुराल पर निर्भर हो गई. शादी के बाद कुछ समय तक सब ठीक चला, लेकिन धीरे-धीरे रिश्तों में दरार आने लगी.
यहां देखें Video...
अर्जुन का किसी दूसरी महिला के साथ संबंध था. इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच झगड़े होते थे. अल्पा इस रिश्ते का विरोध करती थी, लेकिन अर्जुन उस दूसरी महिला को घर में रखने की बात करता था. विरोध करने पर वह अल्पा के साथ मारपीट भी करता था.
यह भी पढ़ें: अवैध संबंध के शक में चाकू घोंपकर पत्नी की हत्या, दो साल पहले हुई थी Love Marriage
अल्पा अपने दो बच्चों के साथ उसी घर में रह रही थी. अर्जुन ज्यादातर समय दूसरी महिला के साथ रहता था और घर खर्च के लिए भी पैसे नहीं देता था. ऐसे में अल्पा साड़ियों का काम करके किसी तरह अपने बच्चों का पालन-पोषण कर रही थी.
8 मार्च 2026 को वरतेज में एक शादी समारोह के दौरान अल्पा की मुलाकात अपने भाइयों से हुई. इस दौरान उसने अपनी आपबीती सुनाई और बताया कि उसका पति उसे प्रताड़ित करता है और दूसरी महिला को घर में बसाने की कोशिश कर रहा है. उसने यह भी कहा कि उसके पास जाने के लिए कोई जगह नहीं है और वह अपने बच्चों को लेकर बेहद परेशान है.
इसके 11 दिन बाद 19 मार्च 2026 को ऐसी खबर आई, जिसने सबको झकझोर दिया. अल्पा के पिता जोरासंगभाई को उनके रिश्तेदार का फोन आया, जिसमें बताया गया कि अल्पा की मौत हो गई है. ससुराल वालों ने हार्ट अटैक बताया.
हालांकि, अल्पा के परिवार को इस पर शक हुआ. उन्होंने अंतिम संस्कार से पहले पोस्टमॉर्टम कराने की मांग की. जब अल्पा का शव अस्पताल लाया गया, तो उसके शरीर और खासकर गर्दन पर चोट के निशान दिखे.
यह भी पढ़ें: पत्नी की हत्या के बाद लाश पर सिर पटक-पटक कर रोया पति, खुद को बताया बेकसूर, फिर ऐसे खुला खौफनाक राज
इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया, जहां सच्चाई सामने आई. रिपोर्ट में साफ हुआ कि अल्पा की मौत हार्ट अटैक से नहीं, बल्कि गला घोंटने से हुई है.
सच्चाई सामने आने के बाद अल्पा के पिता ने वरतेज पुलिस स्टेशन में अपने दामाद अर्जुन कालूभाई परमार के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया. पुलिस ने केस दर्ज किया और आरोपी की तलाश शुरू की.
पुलिस ने अलग-अलग टीमें बनाकर कुछ ही घंटों में आरोपी अर्जुन को उसी गांव से गिरफ्तार कर लिया. उससे पूछताछ की जा रही है. जल्द अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा.
इस मामले में भावनगर ग्रामीण के एएसपी घनश्याम गौतम ने बताया कि शुरू में यह एक संदिग्ध मौत का मामला लग रहा था, लेकिन पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद हत्या का केस निकला. पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है.
aajtak.in