भंडारा-गोंदिया की एक सभा में बच्चू कडू ने खुलकर अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि हर शिवसैनिक के मन में यह स्वाभाविक भावना होती है कि उसका अपना नेता मुख्यमंत्री बने और कार्यकर्ता इसके लिए काम भी करें. उनके मुताबिक, कोई भी शिवसैनिक यह नहीं चाहेगा कि मुख्यमंत्री कांग्रेस या राष्ट्रवादी पार्टी का हो.
बच्चू कडू ने जोर देकर कहा कि वे और उनके सभी कार्यकर्ता एकनाथ शिंदे को फिर से महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के रूप में देखने के लिए पूरी तरह बेताब हैं.
यह बयान कार्यकर्ताओं को एकजुट करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है.
फडणवीस के 'प्रमोशन' पर सफाई
जब उनसे देवेंद्र फडणवीस के बारे में पूछा गया, तो कडू ने कहा कि उन्हें लगता है कि महाराष्ट्र की बुलंद आवाज देश के किसी सर्वोच्च पद पर होनी चाहिए. इस दौरान जब उनसे यह सवाल किया गया कि क्या वे फडणवीस को प्रधानमंत्री बनाना चाहते हैं, तो कडू ने सावधानी बरती. उन्होंने कहा कि वे नरेंद्र मोदी और देवेंद्र फडणवीस के बीच किसी भी तरह का झगड़ा नहीं लगवाना चाहते.
हालांकि, उन्होंने अपनी बात दोहराई कि फडणवीस का प्रमोशन होकर उन्हें बड़ा पद मिलना चाहिए. इस बयान ने राज्य की गठबंधन राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है.
धनंजय साबले