सोशल मीडिया पर लाइक्स, व्यूज और वायरल होने की होड़ में लोग किस हद तक जा रहे हैं, इसकी एक और मिसाल झारखंड की राजधानी रांची में देखने को मिली. यहां एक युवक ने पुलिस थाने के अंदर घुसकर पंजाबी गाने पर रील बनाई और उसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया. वीडियो वायरल होते ही पुलिस हरकत में आई और युवक को हिरासत में लेकर ऐसा सबक सिखाया कि अब वह दोबारा ऐसी गलती करने से पहले कई बार सोचेगा.
मामला रांची के चुटिया थाना क्षेत्र का है. जानकारी के अनुसार साहिल महतो नाम का युवक बिना किसी अनुमति के थाने के परिसर में पहुंच गया. उस समय पुलिसकर्मी अपने नियमित कार्यों में व्यस्त थे. इसी दौरान उसने थाने के अंदर मोबाइल से वीडियो रिकॉर्ड किया, पंजाबी गाने के साथ रील तैयार की और उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया.
मंगलवार को यह वीडियो सोशल मीडिया के जरिए पुलिस अधिकारियों तक पहुंचा. थाने जैसे संवेदनशील परिसर में बिना अनुमति वीडियो रिकॉर्डिंग और उसे सार्वजनिक प्लेटफॉर्म पर साझा करने को गंभीर सुरक्षा चूक माना गया. इसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए साहिल महतो को हिरासत में ले लिया.
हिरासत में पहुंचते ही युवक का रवैया पूरी तरह बदल गया. पुलिस के सामने उसने अपनी गलती स्वीकार की और माफी मांगने लगा. पुलिस ने उसका माफीनामा भी रिकॉर्ड कराया. वीडियो में साहिल यह कहते हुए दिखाई देता है कि पुलिसकर्मी अपने काम में व्यस्त थे, जिसका फायदा उठाकर वह थाने के भीतर चला गया और रील बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दी. उसने माना कि उससे बड़ी गलती हुई है और भविष्य में वह ऐसी हरकत दोबारा नहीं करेगा.
सूत्रों के मुताबिक, पुलिस ने युवक से कान पकड़कर उठक-बैठक भी करवाई और उसे थाने की गरिमा तथा सुरक्षा व्यवस्था का महत्व समझाया. बाद में उससे लिखित माफीनामा लिया गया और पीआर बॉन्ड भरवाकर छोड़ दिया गया.
सिटी डीएसपी रमन ने बताया कि थाने के अंदर विवादित रील बनाने के मामले में युवक को हिरासत में लिया गया था. लिखित माफी और पीआर बॉन्ड की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसे रिहा कर दिया गया. उन्होंने कहा कि पुलिस परिसर जैसे संवेदनशील स्थानों पर बिना अनुमति वीडियो बनाना नियमों के खिलाफ है और भविष्य में ऐसी घटनाओं पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी.
सत्यजीत कुमार