झारखंड में खूंटी जिले के तोरपा में एक दर्दनाक हादसा हो गया. यहां करंट लगने से दो स्कूली छात्रों की मौत हो गई है, जबकि 6 छात्र झुलस गए. इनमें से एक की हालत गंभीर बनी हुई है. सभी छात्र तोरपा के श्री हरि प्लस टू विद्यालय के हैं. स्कूल में लंच ब्रेक के दौरान यह हादसा हुआ है. घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
दरअसल, स्कूल परिसर के समीप स्थित मंदिर में रथयात्रा का रथ रखा हुआ था. लंच ब्रेक के दौरान बच्चे वहीं खेल रहे थे. इसी दौरान उन्हें रथ को हटवाने के लिए बुलाया गया और रथ 11 हजार वोल्ट की हाई-टेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गया. जिससे उसमें करंट दौड़ गया और बच्चे इसकी चपेट में आ गए. मृतक चंदन के पिता सहदेव यादव ने कहा कि बेटे को करंट लगने की सूचना मिलते ही भागे-भागे अस्पताल पहुंचे.
CM ने भी हादसे पर जताया दुख
घटना के बाद सभी घायलों को सदर अस्पताल खूंटी भेजा गया, जहां सभी का इलाज चल रहा है. परिजन सहदेव यादव ने बताया कि करंट लगने की खबर सुनते ही वे दौड़े-दौड़े आए तो पता चला कि रथ ढकेलते हुए हादसा हुआ है. चिकित्सा प्रभारी सदर अस्पताल खूंटी आनंद उरांव ने बताया कि तोरपा में करंट लगने की घटना हुई है. जिसमें दो छात्रों की मौत हो गई. जबकि 6 अन्य घायल हैं, जिनका इलाज चल रहा है.
खूंटी के उपायुक्त मोहम्मद जावेद हुसैन ने कहा कि घटना बहुत ही दुखद है. हादसा कैसे हुआ? इसकी जांच जारी है. दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा. इधर हादसे पर सीएम हेमंत सोरेन ने भी एक्स पर पोस्ट किया है और दुख जताया है.
अरविंद सिंह