झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की परीक्षाओं में धांधली को लेकर रांची में छात्रों का प्रदर्शन जारी है. प्रशासन एक बार फिर आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों से मिलने पहुंचा जिसके बाद उन्हें सरकार के साथ बैठक करने का न्योता दिया है.
अपर जिला मजिस्ट्रेट धनंजय कुमार ने प्रदर्शन स्थल पर पहुंचकर प्रदर्शनकारी छात्रों से मुलाकात की. उन्होंने धरने पर बैठे छात्रों को 17 अगस्त को होने वाली बैठक के बारे में जानकारी दी.
SDM धनंजय कुमार ने कहा, 'छात्रों के एक प्रतिनिधिमंडल को, उनके कानूनी सलाहकार के साथ कल दोपहर 2:00 बजे एक बैठक के लिए आमंत्रित किया गया है. हम छात्रों से इस बैठक में शामिल होने का अनुरोध करने आए हैं.'
उन्होंने आगे बताया कि ये बातचीत किसी निचले स्तर के अधिकारी से नहीं, बल्कि सीधे सरकार के प्रतिनिधियों के साथ होगी. उन्होंने कहा, 'ये चर्चा दोपहर 2 बजे स्टेट गेस्ट हाउस में होगी. सरकार की ओर से वही मंत्रियों का समूह मौजूद रहेगा. कल स्टेट गेस्ट हाउस में मंत्रियों के साथ चर्चा होगी. हम ये निमंत्रण देने आए हैं.'
छात्रों की मांगें क्या है?
बता दें कि प्रदर्शनकारी छात्रों का आरोप है कि परीक्षाओं का आयोजन समय पर नहीं हो रहा है और कई भर्तियों में बड़े पैमाने पर गड़बड़ियां सामने आ रही हैं. अभ्यर्थी निष्पक्ष जांच और पारदर्शी चयन प्रक्रिया की मांग को लेकर लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं.
इस प्रदर्शन में कई छात्र भूख हड़ताल पर भी बैठे हैं. अनशन पर बैठे स्टूडेंट प्रोटेस्टर प्रेम नायक ने कहा, 'आज प्रोटेस्ट का 23वां दिन और भूख हड़ताल का 13वां दिन है. सरकार बिल्कुल भी सीरियस नहीं है. मुझे नहीं लगता कि मैं ज्यादा दिन जिंदा रहूंगा. हालात बहुत नाजुक हैं. कल से बुखार शुरू हुआ. उन्होंने मुझे इलाज के लिए ले जाने की कोशिश की, लेकिन मैंने मना कर दिया. वो देवेंद्र नाथ महतो को ले गए और उन्हें वापस नहीं आने दे रहे हैं. उनका इरादा आंदोलन को तोड़ना है.'
यह भी पढ़ें: 'झारखंड ऐसा बड़ा आंदोलन करेगा, जिसे पूरा देश देखेगा', खनिज विधेयक पर आर-पार के मूड में CM हेमंत सोरेन
उन्होंने आगे कहा, 'CM के घर का घेराव करने को लेकर बातचीत चल रही है. अभी कुछ भी फाइनल नहीं हुआ है. मेरे हिसाब से, मुख्यमंत्री के घर का घेराव करने से बेहतर होगा जेल भरो आंदोलन... सभी स्कूल और कॉलेज बंद करना एक और बढ़िया आइडिया है, ये दो ऐसे तरीके हैं जिन पर सोचना चाहिए.'
aajtak.in