झारखंड: निकाय चुनाव में हिंसा, गिरिडीह में गोली चली, बोकारो में DSP घायल

झारखंड राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार राज्य में 60 फीसदी मतदान दर्ज हुआ है. विपक्ष ने राज्य सरकार पर मतदाताओं को सुरक्षा मुहैया न कराने का आरोप लगाया है. गिरिडीह में गोली लगने से 2 लोग जख्मी हो गए हैं, जबकि बोकारो में DSP ही घायल हो गए हैं.

Advertisement
निकाय चुनाव के दौरान बोकारो में DSP पर हमला. (Photo: ITG) निकाय चुनाव के दौरान बोकारो में DSP पर हमला. (Photo: ITG)

सत्यजीत कुमार

  • रांची,
  • 23 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 8:53 PM IST

मारपीट, टकराव, गोलीबारी और हिंसा की खबरों के बीच झारखंड निकाय चुनाव के लिए सोमवार को मतदान खत्म हो गया है. राज्य में 62 फीसदी मतदान दर्ज हुआ है. बोकारो के चास नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 32 पर मतदान के दौरान हाथापाई की घटना में चास डीएसपी प्रवीण सिंह घायल हो गए. उन्हें इलाज के लिए के.एम. मेमोरियल अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना की सूचना पर एसपी हरविंदर सिंह मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया.

Advertisement

एसपी ने बताया कि कुछ लोग अपने प्रत्याशी के पक्ष में माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे थे, जिसे रोकने के दौरान डीएसपी पर हमला हुआ. पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और वीडियो फुटेज खंगाले जा रहे हैं. 

गिरिडीह में गोली चली

झारखंड के गिरिडीह में भी नगर निगम चुनाव में हिंसा की खबरें हैं. शहर के वार्ड नंबर 18 में दो पक्षों में जमकर हंगामा हुआ, गोली लगने से दो लोग जख्मी हो गए हैं. इन्हें धनबाद रेफर किया गया है. 

रिपोर्ट के अनुसार मतदान को लेकर दो पक्ष आपस में भिड़े गए. यह घटना गिरिडीह नगर निगम क्षेत्र के बख़्शीडीह रोड और चैताडीह के बीच में घटित हुई है. इस घटना में गोलीबारी की सूचना है. गोली लगने से घायल दो लोगों में से एक की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है. दोनों घायलों को धनबाद रेफर कर दिया गया है. घटना की सूचना मिलते ही गिरिडीह के डीसी और एसपी घटनास्थल पर पहुंचे. 

Advertisement

बैलट पेपर पर सवाल भाजपा की हताशा: कांग्रेस

झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव आलोक कुमार दूबे ने राज्य में संपन्न नगर निगम, नगर परिषद, नगर पंचायत एवं वार्ड पार्षद चुनाव में आम जनता की सक्रिय भागीदारी के लिए आभार व्यक्त किया है. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के इस महापर्व में झारखंड की जनता ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेकर लोकतांत्रिक मूल्यों को और मजबूत किया है. 

आलोक कुमार दूबे ने भाजपा नेताओं द्वारा बैलट पेपर को लेकर उठाए जा रहे सवालों पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह उनकी हताशा और निराशा का परिणाम है. उन्होंने कहा कि निशिकांत दूबे, संजय सेठ और सीपी सिंह सहित भाजपा के तमाम नेताओं को जनता की भावना को समझना चाहिए. जनता पारदर्शी और विश्वसनीय चुनाव प्रक्रिया चाहती है.  

निकाय चुनाव के पक्ष में नहीं थी राज्य सरकार: BJP

वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और सांसद आदित्य साहू ने कहा कि लोकतंत्र के महापर्व निकाय चुनाव झारखंड के 48 नगर निकाय क्षेत्रों में संपन्न हुआ है. 

उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग को भी धन्यवाद देना चाहता हूं,जिसने राज्य सरकार के द्वारा हर स्तर पर हुए प्रशासनिक हस्तक्षेप के बावजूद मतदान संपन्न कराया. 

प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि यह सरकार चुनाव भाजपा के आंदोलनों और न्यायालय के दबाव का परिणाम है. राज्य सरकार कभी भी निकाय चुनाव कराने के पक्ष में नहीं थी. 

Advertisement

बीजेपी अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि गिरिडीह में एक वर्ग विशेष के लोग खुलेआम हथियार लेकर मतदाताओं को धमका रहे थे. जुगसलाई में राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हिदायतुल्ला खान लगभग 50 लोगों के साथ मतदाताओं को धमकाते नजर आए. 

सांसद ने कहा कि साहेबगंज में व्यापारी वर्ग के मतदाताओं को सत्ताधारी दल के कार्यकर्ताओं के द्वारा धमकी दी गई. जमशेदपुर में अपराधियों के द्वारा खुलेआम महिला मतदाताओं को धमकाया गया. गालियां दी गईं. चक्रधरपुर में झामुमो समर्थित प्रत्याशी द्वारा वोटरों के बीच नोट बांटे गए.यही हाल चाकुलिया में हुआ।सत्ताधारी नेताओं के द्वारा पैसे बांटे गए. 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement