शिमला जिले के रामपुर उपमंडल में लगातार हो रही भारी बारिश का असर अब जनजीवन पर साफ दिखाई देने लगा है. लगातार वर्षा के कारण गानवी खड्ड का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है, जिससे आसपास के कई गांवों और पंचायतों का संपर्क टूट गया है. जगोरी, क्याओ, कूट समेत कई पंचायतों के लोगों को रोजमर्रा के कामकाज के लिए खड्ड पार करने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. तेज बहाव के कारण आवाजाही बेहद जोखिम भरी हो गई है और स्थानीय लोगों में हादसे की आशंका भी बढ़ गई है.
बारिश का असर केवल खड्ड तक ही सीमित नहीं है, बल्कि सड़क संपर्क भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है. रामपुर के दूरदराज क्षेत्र कशापाट को जोड़ने वाली सड़क कई जगहों पर क्षतिग्रस्त हो गई है. लगातार बारिश से सड़क पर मलबा आ गया है और कई हिस्सों में कटाव होने से वाहनों की आवाजाही लगभग ठप पड़ गई है. इससे क्षेत्र के लोगों को जरूरी सामान, चिकित्सा सेवाओं और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.
बारिश के चलते जनजीवन हुआ प्रभावित
प्रशासन की ओर से तत्काल राहत नहीं मिलने पर स्थानीय ग्रामीणों ने खुद मोर्चा संभाल लिया है. ग्रामीण फावड़े और अन्य उपकरणों की मदद से सड़क पर जमा मलबा हटाने और क्षतिग्रस्त हिस्सों को अस्थायी रूप से दुरुस्त करने में जुटे हैं, ताकि लोगों की आवाजाही जल्द से जल्द बहाल हो सके. ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क को पूरी तरह बहाल नहीं किया गया तो बारिश बढ़ने पर हालात और गंभीर हो सकते हैं.
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल राहत और मरम्मत कार्य शुरू किए जाएं. साथ ही गानवी खड्ड पर सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए अस्थायी पुल या अन्य वैकल्पिक व्यवस्था की जाए, ताकि लोगों को जान जोखिम में डालकर खड्ड पार न करनी पड़े. ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कदम नहीं उठाए गए तो बारिश के चलते क्षेत्र का संपर्क पूरी तरह कट सकता है, जिससे जनजीवन और अधिक प्रभावित होगा.
(इनपुट- विशेश्वर नेगी)
aajtak.in