हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध धार्मिक और पर्यटन स्थल मणिकरण साहिब में मंगलवार को एक बड़ा हादसा टल गया. पंजाब से गुरुद्वारा श्री मणिकरण साहिब घूमने आया एक पर्यटक परिवार पार्वती नदी के तेज बहाव में बह गया, लेकिन स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं की सतर्कता के चलते तीनों की जान बच गई. जानकारी के अनुसार, पंजाब से आया एक परिवार मणिकरण में घूमने के दौरान पार्वती नदी के किनारे पहुंचा था. परिवार के सदस्य नदी के पास खड़े होकर फोटो खिंचवा रहे थे.
इसी दौरान बेहतर तस्वीर लेने की कोशिश में वो नदी की लहरों के काफी करीब पहुंच गए. अचानक पत्थरों पर जमी फिसलन के कारण उनका संतुलन बिगड़ गया और परिवार के तीन सदस्य, जिनमें मां, पिता और एक बच्चा शामिल था, नदी में जा गिरे. नदी में गिरते ही तीनों पार्वती नदी के तेज बहाव की चपेट में आ गए और बहने लगे. यह दृश्य देखकर मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई. आसपास मौजूद श्रद्धालु और स्थानीय लोग तुरंत उनकी मदद के लिए दौड़ पड़े.
फोटो लेते-लेते बह गए तीन लोग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नदी में लोगों को बहता देख कई लोगों ने बिना समय गंवाए बचाव का प्रयास शुरू कर दिया. राहत की बात यह रही कि इन दिनों नदी क्षेत्र में कुछ निर्माण कार्य चल रहा है, जिसके कारण पानी का बहाव सामान्य दिनों की तुलना में अपेक्षाकृत कम था. इसी वजह से बचाव कार्य में मदद मिली और तीनों पर्यटकों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि नदी अपने सामान्य उफान पर होती, तो यह हादसा बेहद गंभीर और दर्दनाक साबित हो सकता था. पार्वती नदी का बहाव अक्सर काफी तेज रहता है और थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है. बताया जा रहा है कि परिवार बेहतर फोटो लेने के लिए नदी के बेहद करीब चला गया था. पहाड़ी इलाकों में नदी किनारे मौजूद पत्थरों पर अक्सर काई और नमी के कारण फिसलन रहती है. इसी फिसलन के कारण उनका पैर फिसला और पूरा परिवार नदी में जा गिरा.
घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में नदी में बहते लोगों और उन्हें बचाने के लिए जुटे लोगों की कोशिशें दिखाई दे रही हैं. वीडियो सामने आने के बाद एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में पर्यटकों की लापरवाही को लेकर चर्चा शुरू हो गई है.
इस घटना के बाद प्रशासन और स्थानीय लोगों ने पर्यटकों से सावधानी बरतने की अपील की है. लोगों से कहा गया है कि वे नदी-नालों और तेज बहाव वाले क्षेत्रों के बेहद करीब जाकर फोटो या वीडियो बनाने से बचें. पहाड़ों में मौसम और पानी का बहाव अचानक बदल सकता है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है.
वीडियो देख रोंगटे खड़े हो जाएंगे
मणिकरण में हुई यह घटना एक चेतावनी भी है कि खूबसूरत तस्वीर की चाह में सुरक्षा से समझौता करना कितना खतरनाक साबित हो सकता है. गनीमत रही कि स्थानीय लोगों की सतर्कता और त्वरित मदद से इस परिवार की जान बच गई और एक बड़ा हादसा टल गया.
मनमिंदर अरोड़ा