हिमाचल: टाटा सूमो पर टूटकर गिरा पहाड़ का हिस्सा, दबकर 13 लोगों की मौत

चंबा जिले के पांगी क्षेत्र में किलाड़-उदयपुर सड़क मार्ग पर कडू नाला के पास पहाड़ी से भारी मलबा गिरने से एक सूमो टैक्सी उसकी चपेट में आ गई. हादसे में 6 माह के मासूम समेत 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हुए हैं. पुलिस और बचाव दल मौके पर राहत कार्य में जुटे हैं.

Advertisement
चलती टाटा सूमो पर गिरा पहाड़. (Photo: Screengrab) चलती टाटा सूमो पर गिरा पहाड़. (Photo: Screengrab)

विशाल आनंद

  • चंबा,
  • 24 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 5:08 PM IST

हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के जनजातीय क्षेत्र पांगी में शुक्रवार को बड़ा हादसा हुआ. किलाड़-उदयपुर सड़क मार्ग पर कडू नाला के पास पहाड़ी से अचानक भारी मलबा गिरने से कुल्लू से पांगी जा रही एक सूमो टैक्सी उसकी चपेट में आ गई. हादसा इतना भीषण था कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.

शुरुआती जांच के अनुसार सूमो टैक्सी में कुल 15 लोग सवार थे. इनमें 6 माह के एक मासूम बच्चे समेत 13 लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए. घायलों को बचाने के लिए राहत और बचाव अभियान शुरू कर दिया गया है. घटना की सूचना मिलते ही तिंदी पुलिस और संबंधित बचाव दल मौके पर पहुंच गए. राहत टीमें मलबा हटाने और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं.

Advertisement

हादसे में दो लोग घायल, राहत कार्य जारी

बताया जा रहा है कि उदयपुर-किलाड़ सड़क मार्ग पिछले दिन बंद था. इसी कारण वाहन में सवार सभी यात्री तिंदी में रुके हुए थे. शुक्रवार को मार्ग खुलने के बाद वे पांगी की ओर रवाना हुए, लेकिन कडू नाला के पास अचानक पहाड़ी से भारी मलबा गिर गया और सूमो टैक्सी उसकी चपेट में आ गई.

सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे

पांगी-भरमौर के विधायक डॉ. जनक राज ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया. उन्होंने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग उनकी विधानसभा क्षेत्र के रहने वाले हैं. उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की. फिलहाल प्रशासन, पुलिस और बचाव दल मौके पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हुए हैं. हादसे के कारण इलाके में शोक की लहर है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »