घने कोहरे में बड़ा हादसा... सोनीपत में ट्रक की ट्रैक्टर-ट्रॉली से टक्कर, दो बाइक सवार भी चपेट में, 4 घायल

दिल्ली-एनसीआर में घने कोहरे के बीच हरियाणा के सोनीपत-गोहाना रोड पर दर्दनाक हादसा हो गया. गांव करेवड़ी के पास ट्रक सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गया, जिसके बाद दो बाइक सवार भी दुर्घटना की चपेट में आ गए. हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

Advertisement
घने कोहरे के बीच सोनीपत में हादसा. (Photo: Screengrab) घने कोहरे के बीच सोनीपत में हादसा. (Photo: Screengrab)

कमलजीत संधू

  • सोनीपत,
  • 07 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 10:59 AM IST

दिल्ली-एनसीआर के सोनीपत में कोहरे के कारण दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया.

दुर्घटना सोनीपत-गोहाना रोड पर गांव करेवड़ी के पास हुई. उस समय इलाके में काफी घना कोहरा था, जिसके कारण सड़क पर विजिबिलिटी बहुत कम हो गई थी. इसी बीच एक तेज रफ्तार ट्रक सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक ट्रक की बॉडी में फंस गया.

Advertisement

हादसे के तुरंत बाद वहां से गुजर रहे लोगों और आसपास के ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया. इसी दौरान दो बाइक सवार भी इस हादसे की चपेट में आ गए और घायल हो गए. कोहरे के कारण उन्हें सड़क पर खड़े वाहन दिखाई नहीं दिए, जिसके चलते वे भी दुर्घटना का शिकार हो गए.

यह भी पढ़ें: कोहरा अभी टला नहीं! पंजाब में डेंस फॉग का अलर्ट जारी... देश के कई हिस्सों में बारिश, जानें मौसम

घटना की सूचना मिलते ही टोल प्लाजा के कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए और ग्रामीणों के साथ मिलकर बचाव कार्य में जुट गए. ट्रक चालक ट्रक के केबिन में बुरी तरह फंस गया था, जिसे निकालने के लिए ट्रक की बॉडी को काटना पड़ा. कड़ी मशक्कत के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया.

Advertisement

हादसे में चार लोग घायल, अस्पताल में भर्ती

हादसे में कुल चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों को टोल कर्मचारियों और स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत सोनीपत के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. डॉक्टरों के अनुसार, सभी घायलों का इलाज जारी है और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.

प्रत्यक्षदर्शी साहिल ने बताया कि बहुत ज्यादा कोहरे के कारण हादसा हुआ है. गांव करेवड़ी के पास ट्रैक्टर-ट्राली सड़क किनारे खड़े थे और दिखाई न देने के कारण ट्रक की टक्कर हो गई. इसके बाद दो बाइकों की टक्कर भी हो गई. बाइक सवार युवकों को गाड़ी से सिविल अस्पताल पहुंचाया गया है. ट्रक चालक की हालत ज्यादा खराब है.

लोगों का कहना था कि दिल्ली-एनसीआर और आसपास के इलाकों में घना कोहरा है, जिसके कारण सड़क पर वाहन चलाना जोखिम भरा हो गया. दृश्यता कम होने के कारण हादसा हुआ. प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस भी लगातार वाहन चालकों से अपील कर रही है कि कोहरे के दौरान वाहन सावधानी से चलाएं, गति धीमी रखें और हेडलाइट तथा फॉग लाइट का इस्तेमाल करें, ताकि सड़क हादसों से बचा जा सके.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement