AAP ने हरियाणा के बजट को बताया झूठ का पुलिंदा, युवाओं-महिलाओं के साथ अन्याय का आरोप

हरियाणा के बजट को लेकर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने कहा कि नायब सिंह सैनी सरकार का यह बजट कर्ज और अधूरे वादों का दस्तावेज है. उन्होंने कहा कि शिक्षा पर 2% से कम, खेलों पर 1% से भी कम और महिलाओं के लिए आवंटन में भारी कमी जनता से धोखा है.

Advertisement
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा. (Photo: X/@AAP) आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा. (Photo: X/@AAP)

aajtak.in

  • चंडीगढ़,
  • 02 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 9:18 PM IST

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने हरियाणा सरकार के बजट 2026-27 पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा पेश किया गया यह बजट विकास का नहीं, बल्कि कर्ज और झूठे वादों का दस्तावेज है. उन्होंने कहा कि आज हरियाणा की मेहनतकश जनता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है. ढांडा ने आरोप लगाया कि राज्य पर कर्ज का वास्तविक बोझ ₹5 लाख करोड़ के आसपास पहुंच चुका है. 

Advertisement

सरकार की लगभग 34 प्रतिशत आमदनी उधार से आएगी, जबकि बजट का करीब 30 प्रतिशत यानी लगभग ₹67,000 करोड़ पुराने कर्ज की किस्तें चुकाने में खर्च हो जाएगा. उन्होंने कहा कि यह विकास नहीं, बल्कि कर्ज का मेला है. महिलाओं से जुड़े वादों पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि 2024 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने हर महिला को ₹2100 मासिक देने का वादा किया था, लेकिन लाडो लक्ष्मी योजना के लिए बजट में केवल ₹6,500 करोड़ रखे गए हैं. जबकि 1 करोड़ महिलाओं को ₹2100 प्रति माह देने के लिए सालाना करीब ₹22,000 करोड़ की जरूरत होगी.

उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले बजट में महिलाओं के लिए आवंटित ₹5,000 करोड़ में से सिर्फ 12 प्रतिशत ही खर्च हुआ और लाडो लक्ष्मी योजना के ₹4,500 करोड़ सरकार डकार गई. शिक्षा पर बजट को लेकर ढांडा ने कहा कि सरकार ने शिक्षा के लिए महज 1.9 प्रतिशत का प्रावधान किया है, जो हरियाणा के युवाओं के साथ धोखा है. सरकारी स्कूलों में 15,451 शिक्षकों के पद खाली हैं और कॉलेजों में 2,400 से ज्यादा टीचिंग व नॉन-टीचिंग पद रिक्त पड़े हैं. उन्होंने कहा कि बिना शिक्षकों के युवाओं का भविष्य नहीं बन सकता.

Advertisement

स्वास्थ्य और खेल बजट पर भी उन्होंने सरकार को घेरा. ढांडा ने कहा कि स्वास्थ्य पर सिर्फ 6.02 प्रतिशत बजट रखा गया है, जबकि अस्पतालों में डॉक्टरों और दवाइयों की भारी कमी है. रेवाड़ी एम्स आज भी अधूरा है और गुरुग्राम सिविल अस्पताल समेत रोहतक पीजीआई व अन्य मेडिकल कॉलेज बदहाल हैं. खेल बजट 1 प्रतिशत से भी कम होने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि यही वजह है कि खिलाड़ी जान गंवा रहे हैं. अंत में उन्होंने कहा कि यह बजट जनता की जरूरतों का नहीं, बल्कि आंकड़ों के खेल का बजट है. आम आदमी पार्टी हरियाणा की जनता के साथ खड़ी है और उनकी आवाज मजबूती से उठाती रहेगी.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement