गुरुग्राम: छात्राओं पर भद्दे कमेंट्स और गलत तरीके से छूता था सरकारी टीचर, FIR दर्ज

गुरुग्राम के जैकबपुरा स्थित सरकारी कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल की 9वीं कक्षा की कई छात्राओं ने एक शिक्षक पर छेड़छाड़ और अनुचित टिप्पणियां करने का आरोप लगाया है. शिकायत के बाद पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. हरियाणा राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने भी मामले का स्वतः संज्ञान लिया है.

Advertisement
सरकारी स्कूल में टीचर ने छात्राओं से की छेड़खानी.  (Photo: Representational ) सरकारी स्कूल में टीचर ने छात्राओं से की छेड़खानी. (Photo: Representational )

aajtak.in

  • गुरुग्राम,
  • 09 मई 2026,
  • अपडेटेड 10:05 AM IST

गुरुग्राम के जैकबपुरा स्थित सरकारी कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल में 9वीं कक्षा की कई छात्राओं द्वारा एक शिक्षक पर छेड़छाड़ और अनुचित टिप्पणियां करने के आरोप लगाए जाने के बाद मामला तूल पकड़ गया है. छात्राओं की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. वहीं, हरियाणा राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने भी इस पूरे मामले का स्वतः संज्ञान लिया है. 

Advertisement

एक एजेंसी के मुताबिक पुलिस अधिकारियों ने बताया कि छात्राओं ने आरोप लगाया है कि शिक्षक लंबे समय से उनके साथ अनुचित व्यवहार कर रहा था और आपत्तिजनक टिप्पणियां करता था. मामला सामने आने के बाद छात्राओं और उनके अभिभावकों में नाराजगी बढ़ गई. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए FIR दर्ज कर ली गई है.

आरोपी शिक्षक का हुआ तबादला
गुरुग्राम पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच जारी है और जांचकर्ता छात्राओं के लगातार संपर्क में हैं. उन्होंने कहा कि छात्राओं की काउंसलिंग बाल कल्याण समिति के समक्ष कराई जाएगी ताकि वे बिना किसी दबाव के अपनी बात रख सकें. इसके अलावा छात्राओं के बयान एक न्यायिक अधिकारी के समक्ष भी दर्ज कराए जाएंगे. पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Advertisement

उधर, शिक्षा विभाग ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी शिक्षक के खिलाफ प्रशासनिक कार्रवाई की है. विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि जांच पूरी होने तक आरोपी शिक्षक का तबादला स्कूल से ब्लॉक शिक्षा कार्यालय में कर दिया गया है. साथ ही उसे स्कूल परिसर में प्रवेश करने से भी रोक दिया गया है. अधिकारी ने कहा कि जांच पूरी होने तक शिक्षक कार्यालय से ही अपना कार्य करेगा.

इस मामले में हरियाणा राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने स्कूल की प्रधानाचार्य को 14 मई को आयोग के समक्ष पेश होने का निर्देश दिया है. आयोग पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट मांगेगा और यह जानने की कोशिश करेगा कि छात्राओं की शिकायतों के बावजूद स्कूल प्रशासन ने समय रहते क्या कदम उठाए.

घटना सामने आने के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है. अभिभावकों ने स्कूलों में छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और दोषी पाए जाने पर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. वहीं, पुलिस और शिक्षा विभाग दोनों का कहना है कि जांच निष्पक्ष तरीके से की जाएगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »