गुरुग्राम के साइबर सिटी इलाके में घरेलू हिंसा और रूढ़िवादी सोच का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. खांडसा इलाके में रहने वाली एक महिला ने आरोप लगाया है कि बेटा न होने की वजह से उसके ससुराल वालों ने उसे प्रताड़ित किया और घर से निकाल दिया. महिला मंगलवार देर रात अपनी दो मासूम बेटियों के साथ थाना सेक्टर-10 पहुंची और पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई.
पीड़िता की पहचान मानसी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से दिल्ली के पहाड़गंज की रहने वाली है. मानसी ने बताया कि उसकी शादी 3 फरवरी 2020 को गुरुग्राम के खांडसा निवासी मोहित गुप्ता से हुई थी. शादी के बाद उसने दो बेटियों को जन्म दिया. बड़ी बेटी की उम्र पांच साल और छोटी बेटी की उम्र तीन साल बताई जा रही है.
मानसी का आरोप है कि बेटियों के जन्म के बाद से ही ससुराल वालों का व्यवहार बदल गया. उसे लगातार बेटा न होने के ताने दिए जाने लगे. पीड़िता के अनुसार ससुराल पक्ष उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता था. बाद में उसे घर से निकाल दिया गया, जिसके बाद वह अपने पति के साथ खांडसा में किराए के मकान में रहने लगी.
बेटा न होने पर महिला को घर से निकालने का आरोप
महिला ने आरोप लगाया कि अब उसका पति भी शराब पीकर घर आता है और बिना किसी वजह के उसके साथ मारपीट करता है. मंगलवार रात को भी पति ने उसके साथ मारपीट की, जिसके बाद वह अपनी दोनों बेटियों को लेकर सीधे पुलिस स्टेशन पहुंच गई.
मानसी ने अपने सास-ससुर पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं. उसका कहना है कि सास-ससुर अपने बेटे को लगातार उसके खिलाफ भड़काते हैं और कहते हैं कि उसे घर से निकाल दो क्योंकि वह बेटे को जन्म नहीं दे सकी. महिला का आरोप है कि ससुराल वाले उसके पति की दूसरी शादी कराने की योजना बना रहे हैं.
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष कानूनी कार्रवाई से बचने की कोशिश कर रहा है. उसके मुताबिक ससुराल वाले कहते हैं कि शादी को सात साल पूरे होने के बाद उसे हमेशा के लिए घर से निकाल देंगे ताकि वह दहेज उत्पीड़न जैसे मामलों में सख्त कार्रवाई न करा सके.
महिला ने बताया कि जब उसे मंगलवार देर रात घर से निकाला गया तो वह जान बचाकर पुलिस स्टेशन पहुंची. उसका आरोप है कि शुरुआत में पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की. बाद में जब उसने अधिकारियों को फोन करना शुरू किया तो पुलिस हरकत में आई और रात में ही उसका मेडिकल कराया गया.
पति पर घरेलू हिंसा और धमकी देने के आरोप
इसके बाद पुलिस टीम महिला को उसके किराए के घर लेकर पहुंची और उसे सुरक्षित घर में दाखिल कराया. पुलिस का कहना है कि महिला की शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है. पति और सास-ससुर से पूछताछ की जाएगी और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
नीरज वशिष्ठ