गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड पर तेज रफ्तार कार ने एक बाइक सवार महिला को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भयानक थी कि महिला सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई. हादसे का पूरा घटनाक्रम वहां लगे कैमरे में कैद हो गया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि गोल्फ कोर्स रोड पर एक महिला बाइक से जा रही थी. इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने कथित तौर पर उसकी बाइक को टक्कर मार दी. टक्कर लगते ही महिला सड़क पर जा गिरी. हादसे के बाद मौके पर मौजूद दूसरे बाइकर्स तुरंत महिला की मदद के लिए पहुंचे.
कार चालक से हुई बहस
बताया जा रहा है कि महिला के साथ चल रहे बाइकर्स ने कार चालक को रोक लिया और हादसे को लेकर उससे बहस करने लगे. आरोप है कि कुछ देर तक मौके पर विवाद होता रहा. इसके बाद कार चालक कथित तौर पर अपनी गाड़ी लेकर वहां से फरार हो गया.
अस्पताल में हालत गंभीर
हादसे में घायल महिला को आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है. हादसे के वीडियो के वायरल होने के बाद अब पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
पुलिस वायरल फुटेज और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से कार और उसके चालक की पहचान करने की कोशिश कर रही है. इस घटना ने एक बार फिर गुरुग्राम की सड़कों पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शुरू की एक्शन की तैयारी
गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइक राइडर को कार से टक्कर मारने के वायरल वीडियो पर पुलिस ने स्वतः संज्ञान लिया है. पुलिस ने सेक्टर-56 थाने में आरोपी चालक के खिलाफ केस दर्ज कर गिरफ्तारी की तैयारी शुरू कर दी है. हालांकि पीड़िता की तरफ से इस मामले में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी, लेकिन घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मामले पर स्वतः संज्ञान लिया है.
नीरज वशिष्ठ