फरीदाबाद: 40 लाख रुपये में बेच दिए एक किलो नकली सोने के सिक्के, एक ही परिवार के 5 लोग गिरफ्तार

फरीदाबाद में कम रुपयों में नकली सोने के सिक्के बेचने के आरोप में पुलिस ने एक ही परिवार के 5 लोगों को गिरफ्तार किया है. उनके कब्जे से 13.7 किलो नकली सोने के सिक्के, 24 मोबाइल फोन और 1.56 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं.

Advertisement
सोने के सिक्के (फाइल फोटो) सोने के सिक्के (फाइल फोटो)

तनसीम हैदर

  • फरीदाबाद,
  • 16 जुलाई 2022,
  • अपडेटेड 4:31 PM IST
  • नकली सोने के सिक्के बेचने के आरोप में 5 गिरफ्तार
  • 13 किलो से ज्यादा नकली सोने के सिक्के बरामद

फरीदाबाद में नकली सोने के सिक्के बेचने वाले गिरोह के 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पांचों आरोपी एक ही परिवार के हैं, जिसमें आरोपी पन्ना लाला और उसकी पत्नी रमा के साथ उसके बेटे धर्मेन्द्र, राजन और नितिन का नाम शामिल है. सभी आरोपी बल्लभगढ़ के ऊंचागांव के रहने वाले हैं. इन आरोपियों के खिलाफ 28 जून 2022 को फरीदाबाद की ग्रीन फील्ड कॉलोनी के रहने वाले डॉक्टर निशांत ने पुलिस को शिकायत दी थी कि कम पैसे में नकली सोने के सिक्के देकर मेरे साथ ठगी की गई है.

Advertisement

शिकायत के अनुसार, वह एमबीबीएस डॉक्टर हैं और ग्रीन फील्ड कॉलोनी में अपना क्लीनिक चलाते हैं. 8 फरवरी 2022 को एक व्यक्ति अपने परिवार के साथ इलाज के लिए उनके पास आया था. इलाज के दौरान उसके परिजनों ने बताया कि उन्हें पैसों की सख्त जरूरत है और वह पैसों के बदले उन्हें सोने के सिक्के दे सकते हैं, जो उनके पुरखों को खेत में खुदाई के वक्त मिले थे. 

आरोपियों ने कम पैसों में ज्यादा सोने के सिक्के देने का लालच दिया और सैंपल के तौर पर पीड़ित डॉक्टर को कुछ सिक्के दे दिए, जिसे सुनार से चेक करवाने पर वह सोने के सिक्के असली पाए गए जिससे पीड़ित को ठगों पर विश्वास हो गया. इसके करीब 20 दिन बाद आरोपियों की पीड़ित से फिर बातचीत हुई और जब उन्होंने पीड़ित को सिक्के खरीदने के बारे में पूछा तो उन्होंने बताया कि उनके पास करीब 40 लाख रुपए का इंतजाम है और वह इससे सोने के सिक्के खरीद लेंगे.

Advertisement

इसके बाद 2 मार्च 2022 को पीड़ित डॉक्टर को आरोपियों ने पैसे लेकर नोएडा बुलाया और 40 लाख रुपए लेकर उसके बदले में उन्हें एक किलो सोने के सिक्के दे दिए. डॉक्टर ने जब सुनार के पास पहुंचकर सिक्कों की जांच करवाई तो पता चला कि सारे सिक्के नकली हैं.  

14 जुलाई को 5 की गिरफ्तारी

पीड़ित ने 28 जून को पुलिस थाना सूरजकुंड में इसकी शिकायत दी, जिसके बाद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए एनआईटी क्राइम ब्रांच प्रभारी नरेंद्र कुमार के नेतृत्व में टीम बनाई. इस टीम ने 14 जुलाई को 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में सामने आया कि यह परिवार लगभग 20 साल से ऐसी वारदातों को अंजाम दे रहा है. 

13 किलो से ज्यादा नकली सोने के सिक्के बरामद

आरोपियों के कब्जे से 13.7 किलो नकली सोने के सिक्के, 24 मोबाइल फोन और 1.56 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं. आरोपियों से मामले में गहनता से पूछताछ की जा रही है, जिसके बाद बाकी पैसों की बरामदगी की जाएगी. इसके अलावा मामले में शामिल अन्य आरोपियों के बारे में पूछताछ करके उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा. 

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »