गुजरात के सूरत शहर में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक कपड़े के शोरूम में काम करने वाले विवाहित सेल्समैन ने अमेरिका में रहने वाली तलाकशुदा हिंदू महिला को प्रेमजाल में फंसाकर उससे लाखों रुपये, जेवर और फ्लैट हड़प लिया. आरोपी ने महिला को सऊदी अरब बुलाकर उसका धर्म परिवर्तन भी कराया और उससे ऑनलाइन शादी कर ली. इस मामले में सूरत के लालगेट थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी एजाज सलीमभाई पटेल को गिरफ्तार कर लिया है.
पुलिस के अनुसार, पीड़ित महिला गुजरात के हिम्मतनगर की रहने वाली है और उसके परिवार का ऑर्गेनिक फर्टिलाइजर का कारोबार है. महिला की शादी 2014 में अहमदाबाद में हुई थी, जिसके बाद वह अपने पति के साथ हैदराबाद और फिर अमेरिका चली गई थी. दोनों की एक बेटी भी है. हालांकि, पारिवारिक विवाद के चलते 2020 में दोनों का तलाक हो गया और महिला अपनी बेटी के साथ अमेरिका में रहने लगी.
यह भी पढ़ें: कंडोम का ढेर देख पुलिस भी हैरान, सूरत में स्पा की आड़ में चल रहा था सेक्स रैकेट
ऑनलाइन शॉपिंग से शुरू हुई दोस्ती, फिर प्रेमजाल में फंसाया
तलाक के बाद महिला ने सूरत के घोड़दौड़ रोड स्थित जी-3 शोरूम से ऑनलाइन कपड़े मंगवाए थे. इसी दौरान वहां काम करने वाले सेल्समैन एजाज पटेल ने उसका मोबाइल नंबर हासिल कर लिया और उसे मैसेज करना शुरू कर दिया. धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और फिर प्रेम संबंध बन गए.
जनवरी 2024 में जब महिला हैदराबाद आई, तो एजाज उससे मिलने वहां पहुंच गया. होटल में ठहरने के दौरान उसने झांसा देकर महिला के हैदराबाद स्थित फ्लैट की चाबियां ले लीं. इसके बाद मई 2024 में एजाज ने महिला को सऊदी अरब बुलाया, जहां एक संस्था में ले जाकर उसका धर्म परिवर्तन कराया गया और उसका नया नाम ‘इकरा’ रखा गया. बाद में दोनों ने ऑनलाइन शादी कर ली.
शादी के बाद शुरू हुआ ब्लैकमेल, 60 लाख रुपये और जेवर हड़पे
शादी के करीब छह महीने बाद आरोपी ने महिला पर उसे अमेरिका ले जाने का दबाव बनाया. जब उसे वीजा नहीं मिला, तो उसने महिला को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया. उसने व्हाट्सएप, ईमेल और फोन के जरिए धमकी देकर महिला से करीब 60 लाख रुपये ट्रांसफर करवा लिए.
इसके अलावा, 2025 में आरोपी ने महिला को इंडोनेशिया बुलाया और विश्वास दिलाया कि वह उसके जेवर अमेरिका पहुंचा देगा. महिला के कहने पर उसके भाई ने हिम्मतनगर से सूरत आकर एजाज को करीब 18 तोला सोने के जेवर सौंप दिए, जिन्हें आरोपी ने हड़प लिया. जब महिला ने अपने पैसे और जेवर वापस मांगे, तो आरोपी ने उसे गालियां दीं और धमकाया.
शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार, जांच जारी
पीड़िता ने अमेरिका से अपने भाई को ईमेल भेजकर पूरी घटना की जानकारी दी और पुलिस में शिकायत दर्ज कराने को कहा. इसके बाद लालगेट पुलिस ने ईमेल और शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया और कुछ ही घंटों में आरोपी एजाज पटेल को गिरफ्तार कर लिया.
लालगेट पुलिस थाना के इंस्पेक्टर एन.एम. चौधरी ने बताया कि आरोपी ने ऑनलाइन शॉपिंग के दौरान महिला का नंबर हासिल कर उससे दोस्ती की और बाद में उसे झांसे में लेकर शादी और धर्म परिवर्तन कराया. आरोपी ने महिला से 60 लाख रुपये और जेवर लिए, साथ ही उसके हैदराबाद स्थित फ्लैट की चाबियां भी ले लीं. जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पहले से शादीशुदा है और अपनी पहली पत्नी के साथ रह रहा था. पुलिस ने आरोपी का मोबाइल और लैपटॉप जब्त कर लिया है और उसे रिमांड पर लेकर आगे की जांच कर रही है.
संजय सिंह राठौर