दिल्ली में पुलिस रेड के दौरान साउथ अफ्रीकी मूल की महिला ने चौथी मंजिल से लगाई छलांग, मौत

दिल्ली के स्वरूप नगर इलाके में ड्रग्स मामले की जांच के दौरान पुलिस रेड के बीच एक साउथ अफ्रीकी मूल की महिला ने कथित तौर पर बालकनी से छलांग लगा दी. गंभीर रूप से घायल महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया. जांच के दौरान पुलिस को फ्लैट से ड्रग्स, नकदी और संदिग्ध रासायनिक सामग्री भी मिली है.

Advertisement
बुराड़ी में गिरफ्तार आरोपी से मिली थी अहम जानकारी.(Photo: Representational) बुराड़ी में गिरफ्तार आरोपी से मिली थी अहम जानकारी.(Photo: Representational)

अरविंद ओझा

  • नई दिल्ली,
  • 11 जून 2026,
  • अपडेटेड 11:45 PM IST

आउटर नॉर्थ दिल्ली के स्वरूप नगर थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई. ड्रग्स मामले की जांच के सिलसिले में पहुंची पुलिस टीम की मौजूदगी में साउथ अफ्रीकी मूल की एक महिला ने कथित तौर पर बालकनी से छलांग लगा दी. गंभीर रूप से घायल महिला को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

Advertisement

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई एक NDPS मामले की जांच के तहत की जा रही थी. पुलिस को सूचना मिली थी कि स्वरूप नगर स्थित एक फ्लैट में ड्रग्स से जुड़ी गतिविधियां संचालित हो रही हैं. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. पुलिस, क्राइम टीम और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई.

यह भी पढ़ें: तीन दिन तक साइबर अटैक झेलता रहा CBSE पोर्टल, एक्शन में दिल्ली पुलिस, FIR दर्ज

बुराड़ी में गिरफ्तार आरोपी से मिली थी अहम जानकारी

दिल्ली पुलिस के अनुसार, बुराड़ी थाने में दर्ज NDPS एक्ट के एक मामले में आरोपी फ्रैंक डैशमंड की गिरफ्तारी के बाद जांच आगे बढ़ाई गई थी. पूछताछ के दौरान पुलिस को ड्रग्स के संभावित स्रोत के बारे में जानकारी मिली.

इसी सूचना के आधार पर नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट की एंटी नारकोटिक्स स्क्वॉड की टीम स्वरूप नगर स्थित एक फ्लैट में पहुंची. यह फ्लैट एमसीडी स्कूल के पास स्थित एक इमारत में था.

Advertisement

छापेमारी के दौरान पुलिस ने रोमियो उर्फ स्काई नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया. उसके कब्जे से करीब 30 ग्राम एमडीएमए और 1.5 ग्राम हेरोइन बरामद होने का दावा किया गया है.

चौथी मंजिल पर रहती थी विदेशी महिला

पुलिस जांच में पता चला कि इमारत की तीसरी और चौथी मंजिल पर अफ्रीकी मूल के कई लोग रह रहे थे. चौथी मंजिल के एक फ्लैट में स्टेला पायस नाम की महिला रहती थी.

पुलिस के अनुसार, जैसे ही टीम उसके फ्लैट में दाखिल हुई, महिला ने कथित तौर पर बालकनी से छलांग लगा दी. घटना के तुरंत बाद उसे गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया.

उसे बुराड़ी सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस अब इस पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच कर रही है.

सामने आया संदिग्ध ड्रग्स लैब का एंगल

जांच के दौरान पुलिस को उसी मंजिल पर रहने वाले एक अन्य अफ्रीकी नागरिक मार्टिन एरॉन के कब्जे से एक चाबी मिली. इस चाबी से स्टेला पायस के फ्लैट के एक बंद कमरे को खोला गया. कमरे के भीतर बड़ी मात्रा में केमिकल, बीकर, पाइप, बोरे, इलेक्ट्रॉनिक वेटिंग मशीन और अन्य उपकरण मिले. पुलिस को आशंका है कि इस स्थान का इस्तेमाल ड्रग्स निर्माण या कच्चे माल के भंडारण के लिए किया जा रहा था.

Advertisement

पुलिस ने फ्लैट से बरामद सामान को सील कर दिया है और उसकी फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है. वहीं, जिस घर से कूदकर अफ्रीकी मूल की महिला की मौत हुई थी, उसी घर से पुलिस ने मौके से MDMA समेत बड़ी मात्रा में संदिग्ध केमिकल और उपकरण बरामद किए हैं, जिनमें लगभग 100 लीटर स्प्यूरियस केमिकल, 10 लीटर हाइड्रोक्लोरिक एसिड, 31 बोतल (15.5 लीटर) हाइपोफॉस्फोरस एसिड, 6 खाली बोतलें, 35.5 किलोग्राम सफेद पाउडर, 21 किलोग्राम काले दाने, 4.1 किलोग्राम काला लिक्विड, 192 ग्राम MDMA ड्रग, 2 हीटिंग मैंटल, 2 फ्लास्क (2000 ml), 2 डिस्टिलेशन यूनिट, 2 वजन मशीन, 4 छोटे ब्लू ड्रम, 1 बड़ा 200 लीटर ब्लू ड्रम, 3 स्टील टब, 6 आधे ब्लू ड्रम, 4 केप, 3 प्लास्टिक पाइप, 1 बड़ा स्टोव और 1 गैस सिलेंडर शामिल हैं.

नकदी और अन्य सामान भी मिला

पुलिस सूत्रों के अनुसार, फ्लैट से बड़ी मात्रा में नकदी और अन्य कीमती सामान भी मिला है. बरामद सामग्री की जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसका संबंध किसी बड़े ड्रग्स नेटवर्क से तो नहीं है.

फिलहाल मामले की जांच नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट की एंटी नारकोटिक्स स्क्वॉड कर रही है. वहीं, महिला की मौत को लेकर स्वरूप नगर थाना पुलिस द्वारा इनक्वेस्ट की कार्रवाई की जा रही है.

Advertisement

क्राइम टीम और एफएसएल की रिपोर्ट आने के बाद पूरे मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बरामद सामग्री का इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जा रहा था और इसमें कौन-कौन लोग शामिल थे.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »