दिल्ली में प्रदर्शन को लेकर सियासत तेज हो गई है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राहुल गांधी और अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि दोनों नेता अपनी 'बी-टीम' CJP के साथ मिलकर दिल्ली को अखाड़ा बनाना चाहते हैं. ऐसे में उन्होंने सवाल उठाया कि राजनीतिक लड़ाई का खामियाजा आम लोगों को क्यों भुगतना पड़े.
रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि राहुल गांधी और अरविंद केजरीवाल अपनी लगातार चुनावी हार की खीझ जनता पर उतार रहे हैं. उन्होंने लिखा कि सड़कों पर अव्यवस्था से परेशान होने वाले दिल्ली के लोगों का आखिर क्या दोष है?
मुख्यमंत्री ने अपनी पोस्ट में उन लोगों की परेशानी का भी जिक्र किया, जिन्हें रोजमर्रा के काम के लिए घर से निकलना पड़ता है. उन्होंने पूछा कि काम पर जाने वाले कर्मचारी, रोज कमाकर परिवार चलाने वाले मजदूर और अस्पताल पहुंचने वाले मरीज अगर सड़कों पर परेशान होते हैं, तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा? क्या नेताओं की राजनीतिक महत्वाकांक्षाएं जनता की रोजी-रोटी, सुरक्षा और शांति से बड़ी हैं?
'दिल्ली को बंधक बनाने की छूट नहीं मिलेगी'
रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली की जनता ने विकास के लिए वोट दिया है. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने का जिक्र करते हुए कहा कि जनता का जनसमर्थन कुछ राजनीतिक दलों को हजम नहीं हो रहा है. उन्होंने अरविंद केजरीवाल पर भी हमला बोला. मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि केजरीवाल अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए दिल्ली की शांति और सुरक्षा को बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं.
रेखा गुप्ता ने अपने संदेश में साफ कहा कि दिल्ली को बंधक बनाने की छूट नहीं मिलेगी. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की आड़ में अराजकता फैलाने और जनादेश को चुनौती देने वाली राजनीति का मुकाबला किया जाएगा.
aajtak.in