दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार की बारिश के बाद चारों तरफ पानी ही पानी नजर आ रहा है. कई इलाकों में सड़कों पर जलभराव हो गया है. नोएडा में भी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा रहा है. दिल्ली के लिए मौसम विज्ञान विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है.
दिल्ली में मूसलाधार बारिश से मिंटो अंडरपास ब्रिज पर पानी भर गया है. तेज बारिश के चलते इलाके में ट्रैफिक प्रभावित हुआ है. ग्राउंड कवरेज कर रहे आज तक के रिपोर्टर सुशांत मेहरा ने बताया कि मिंटो अंडरपास पर हर बार से हालात इस साल बेहतर है. दिल्ली और ट्रैफिक पुलिस ट्रैफिक को डायवर्ट कर रही हैं. टीम बड़े-बड़े पंप की मदद से पानी निकालने की कोशिश कर रही है, ताकि ऑफिस-काम से जा रहे लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े. चंद मिनटों में पंपों के जरिए सीपी आउटर सर्किल मे वॉटर लॉगिंग खत्म कर दी गई है.
दिल्ली के बुराड़ी क्षेत्र की मुख्य सड़क भारी बारिश के बाद जलमग्न हो गई है. सड़क दिखाई नहीं दे रही, घुटनों से अधिक पानी भरा हुआ है. हर तरफ सड़क पर भरा पानी ही पानी दिखाई दे रहा है. जगह-जगह दोपहिया वाहन पानी में बंद हो गए हैं. महिलाओं-बुजुर्गों और छोटे बच्चों का भी सड़क को पार करना मुश्किल हो गया है. बुराड़ी क्षेत्र की मुख्य सड़क में बड़े-बड़े गड्ढे में काफी ज्यादा पानी भर गया है. स्थानीय और आने-जाने वाले लोग दिल्ली की मुख्यमंत्री से इस सड़क के समाधान के लिए अनुरोध कर रहे हैं. लोगों का कहना है कि इस सड़क में यह जलभराव पहली बार नहीं बल्कि हर बारिश में ऐसे ही हालात होते हैं. सालों से ऐसी स्थिति बनी हुई है. पानी में गड्ढे दिखाई नहीं देते हैं, जगह-जगह पर गाड़ियां गड्ढे में गिर जाती है.
सुशांत मेहरा / हर्षित मिश्रा