पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार थाना इलाके में स्टार सिटी मॉल के पास पार्किंग की झाड़ियों में एक युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया. मृतक की पहचान 32 वर्षीय बिरजू राय के रूप में हुई है. परिजनों के मुताबिक, बिरजू बुधवार से लापता था और उसकी तलाश की जा रही थी. तलाश के दौरान उसका शव झाड़ियों में मिला. युवक के सिर पर चोट के निशान मिलने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है. फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है.
जानकारी के मुताबिक, बिरजू राय के लापता होने के बाद से ही उसके रिश्तेदार उसकी तलाश में जुटे थे. इसी दौरान परिजन स्टार सिटी मॉल के पास पार्किंग की तरफ पहुंचे. वहां झाड़ियों के बीच बिरजू का शव पड़ा दिखाई दिया. शव देखते ही परिजन घबरा गए और पुलिस को सूचना दी. इसके बाद मयूर विहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.
नोएडा में रहता था मृतक
परिजनों के मुताबिक, बिरजू राय नोएडा के नया आवास इलाके में रहता था और ई-रिक्शा चलाकर परिवार का गुजारा करता था. उसके परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं, जो गांव में रहते हैं. बिरजू के अचानक लापता होने और फिर शव मिलने से परिवार में मातम पसरा है.
परिजनों का कहना है कि बिरजू के सिर पर चोट के निशान थे. साथ ही, उसके शरीर पर पूरे कपड़े भी नहीं थे. इन्हीं परिस्थितियों को देखते हुए परिवार ने उसकी हत्या किए जाने की आशंका जताई है. हालांकि, अभी तक हत्या की पुष्टि नहीं हुई है. युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा.
पुलिस मामले की जांच में जुटी
मयूर विहार थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है. पुलिस घटनास्थल के आसपास के हालात और संभावित साक्ष्यों की पड़ताल कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि बिरजू वहां कैसे पहुंचा और उसकी मौत कैसे हुई. फिलहाल, पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है. इसके बाद ही साफ हो सकेगा कि यह हत्या का मामला है या युवक की मौत किसी अन्य वजह से हुई है.
अमरजीत सिंह