दिल्ली: पुलिस ने 3.2 किलो गांजे के साथ एक युवक को दबोचा, मदनगीर इलाके से हुई गिरफ्तारी

दिल्ली के मदनगीर इलाके में रविवार को एक बड़ी कार्रवाई के तहत पुलिस ने 30 साल के युवक को गिरफ्तार किया, जिसके पास से 3.232 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ. आरोपी की पहचान भोगल निवासी आरिफ के रूप में हुई है. पुलिस की सतर्कता के चलते आरोपी को भागने से पहले ही दबोच लिया गया. उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है और पूछताछ हो रही है.

Advertisement
प्रतीकात्मक फोटो. प्रतीकात्मक फोटो.

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 09 जून 2025,
  • अपडेटेड 9:42 PM IST

देश की राजधानी दिल्ली के मदनगीर इलाके में नशे की तस्करी के खिलाफ पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी. एक संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके पास से 3.232 किलोग्राम गांजा बरामद किया. आरोपी की पहचान 30 साल के आरिफ के रूप में हुई है, जो कि दिल्ली के ही भोगल इलाके का रहने वाला है.

न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस ने बताया कि यह गिरफ्तारी रविवार की शाम उस समय हुई जब एक गश्ती दल इलाके में निगरानी कर रहा था. गश्त के दौरान पुलिस टीम ने एक युवक को प्लास्टिक की थैली के साथ संदिग्ध अवस्था में बैठा देखा. जब पुलिस उसके पास पहुंची, तो वह घबराकर भागने की कोशिश करने लगा. हालांकि सतर्क पुलिसकर्मियों ने तुरंत उसे दबोच लिया.

Advertisement

जब पुलिस ने उसके पास मौजूद प्लास्टिक की थैली की तलाशी ली, तो उसमें से 3.232 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ. शुरुआती पूछताछ में आरोपी आरिफ ने कबूल किया कि वह गांजा बेचने के उद्देश्य से वहां मौजूद था और पहले भी वह इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त रहा है.

दक्षिण जिला पुलिस उपायुक्त के अनुसार, आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और उसे न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरिफ इस कारोबार में अकेला था या किसी बड़े नेटवर्क का हिस्सा है. पुलिस इस बात का भी पता लगा रही है कि गांजा कहां से लाया गया और इसे किसे बेचा जाना था.

स्थानीय पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि इस तरह की सघन गश्त और सतर्कता ही नशीले पदार्थों की तस्करी को रोकने में सहायक है. पुलिस अब आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और जल्द ही अन्य लोगों की गिरफ्तारी की संभावना भी जताई जा रही है.

Advertisement

 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »