लाल किला-दिल्ली असेंबली को बम से उड़ाने की धमकी, खालिस्तानी ग्रुप के नाम से आया धमकी भरा ई-मेल

दिल्ली पुलिस को सोमवार को दिल्ली विधानसभा और लाल किला को बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल मिला, जो कथित तौर पर एक खालिस्तानी ग्रुप के नाम से भेजा गया था. पुलिस और साइबर सेल धमकी भरे मेल की जांच कर रहे हैं.

Advertisement
दिल्ली पुलिस को लाल किला और दिल्ली विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिला. (Photo: PTI) दिल्ली पुलिस को लाल किला और दिल्ली विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिला. (Photo: PTI)

अरविंद ओझा

  • नई दिल्ली,
  • 23 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 1:46 PM IST

दिल्ली पुलिस को सोमवार को दिल्ली विधानसभा और लाल किला को बम से उड़ाने की धमकी भरा एक ई-मेल मिला. यह धमकी कथित तौर पर एक खालिस्तानी ग्रुप के नाम से भेजी गई, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं. धमकी मिलने के तुरंत बाद दिल्ली विधानसभा परिसर में तलाशी अभियान चलाया गया. बॉम्ब स्क्वाड और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके की गहन जांच की, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली.

Advertisement

दिल्ली पुलिस ने कहा कि तलाशी अभियान में कोई खतरनाक या हानिका​रक चीज नहीं ​मिली, फिर भी एहतियात के तौर पर सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं. धमकी भरे मेल की जांच की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इसे कहां से और किसने भेजा. मामले को गंभीरता से लेते हुए साइबर सेल भी जांच में जुटी है. सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि हालात पर पूरी नजर रखी जा रही है.

आम आदमी पार्टी के नेता और पूर्व विधायक दिलीप पांडे को भी जान से मारने की धमकी मिली है. उनके पर्सनल ईमेल आईडी पर उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए एक संदेश भेजा गया. दिलीप पांडे ने दिल्ली पुलिस को इसकी जानकारी दे दी है. उन्होंने X पर पोस्ट किया, 'आज मुझे मेरी निजी ईमेल आईडी पर बम से उड़ाने की धमकी मिली है, और चूंकि यह मामला जन सुरक्षा से जुड़ा है, इसलिए मैंने तुरंत इस ईमेल को दिल्ली पुलिस के मुख्य पुलिस अधिकारी को समीक्षा और आवश्यक कार्रवाई के लिए भेज दिया है.'

Advertisement

दो स्कूलों को भी मिली बम विस्फोट की धमकी 

दिल्ली के दो स्कूलों को भी बम विस्फोट की धमकी मिली. दिल्ली कैंटोनमेंट स्थित आर्मी पब्लिक स्कूल को सोमवार सुबह बम से उड़ाने की धमकी वाला ई-मेल मिला, जिसके बाद एहतियातन स्कूल को खाली कराया गया और परिसर की सघन तलाशी ली गई. अधिकारियों ने बाद में बताया कि जांच में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला. दिल्ली फायर सर्विस (DFS) के एक अधिकारी के मुताबिक सुबह 8:50 बजे धमकी की सूचना मिली, जिसके बाद फायर विभाग, बम डिटेक्शन टीम (BDT), बम डिस्पोजल स्क्वॉड (BDS) और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचे और जांच की.

यह भी पढ़ें: पीएम मोदी का एक बयान और अचानक दिल्ली में तेज हो गई लुटियंस vs राजाजी की चर्चा!

लोधी कॉलोनी स्थित एयर फोर्स बाल भारती स्कूल को भी ऐसा ही धमकी भरा ई-मेल मिला. दिल्ली फायर सर्विस के मुताबिक, सुबह 9:36 बजे इसकी सूचना मिली. जांच के बाद दोनों मामलों को फर्जी (होएक्स) घोषित कर दिया गया. गत एक महीने में यह तीसरी बार है जब दिल्ली में स्कूलों और अन्य सरकारी प्रतिष्ठानों, ऐतिहासिक धरोहरों को इस तरह की धमकियां मिली हैं.

पिछले एक-डेढ़ साल में 50 से अधिक धमकियां

दिल्ली के करीब एक दर्जन स्कूलों को गत 13 फरवरी को बम से उड़ाने की धमकी वाले ई-मेल मिले थे. इनमें सरदार पटेल विद्यालय (लोदी एस्टेट), केंद्रीय विद्यालय (गोले मार्केट) और दिल्ली तमिल एजुकेशन एसोसिएशन (पुसा रोड) जैसे संस्थान शामिल थे. इससे पहले 9 फरवरी को भी करीब 12 स्कूलों- जिनमें दिल्ली पब्लिक स्कूल, बाल भारती (रोहिणी) और सरदार पटेल विद्यालय शामिल हैं, उनको धमकी भरे ई-मेल मिले. पुलिस ने इन स्कूलों की तलाशी ली और धमकी को फर्जी (Hoax) घोषित किया.

Advertisement

गत 29 जनवरी को दिल्ली के कम से कम आठ स्कूलों को एक अज्ञात व्यक्ति ने वीपीएन के जरिए बम से उड़ाने की धमकी वाले ई-मेल भेजे थे. दिल्ली पुलिस पहले के अधिकांश ई-मेल धमकी मामलों की गुत्थी अब तक नहीं सुलझ पाई है. पिछले डेढ़ साल में स्कूलों, कॉलेजों और अन्य सरकारी संस्थानों को उनके आधिकारिक ई-मेल अकाउंट्स पर 50 से अधिक बार ऐसी धमकियां मिली हैं, लेकिन इन मामलों में दिल्ली पुलिस के हाथ कोई ठोस सफलता नहीं लगी है. 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »