दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन को लेकर हंगामा जारी है. इस बीच 23 जुलाई को न्यू दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन (NDTA) ने कनॉट प्लेस की सभी दुकानों, दफ्तरों और रेस्टोरेंट्स को शाम 6:30 बजे तक बंद करने का निर्देश दिया था. इसे लेकर अरविंद केजरीवाल ने बीजेपी सरकार पर हमला बोला था. लेकिन दिल्ली पुलिस ने उनके दावों को खारिज कर दिया है.
कनॉट प्लेस में दुकानें समय से पहले बंद करने और भारी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, 'कनॉट प्लेस की सभी दुकानों को आज शाम 6.30 बजे बंद करने के आदेश. जबरदस्त सिक्योरिटी, ढेर सारी एम्बुलेंस. क्या मोदी सरकार आज फिर जंतर मंतर पर अपने बच्चों पर बर्बर हमला करेगी?'
केजरीवाल के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर जंतर-मंतर पर चल रहे विरोध प्रदर्शन पर पुलिस कार्रवाई को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगाई जाने लगीं. लेकिन दिल्ली पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है.
दिल्ली पुलिस की सफाई- क्रैकडाउन का कोई प्लान नहीं
अरविंद केजरीवाल की पोस्ट पर जवाब देते हुए दिल्ली पुलिस ने तुरंत लिखा, 'दिल्ली पुलिस का आज रात जारी विरोध प्रदर्शन पर कार्रवाई करने का ऐसा कोई प्लान नहीं है, जैसा कि दिखाया या बताया जा रहा है. आप सभी से रिक्वेस्ट है कि किसी भी तरह की भ्रामक या बिना जांच-परख वाली जानकारी को फैलाने से बचें.'
सर्कुलर में दिए गए थे ये निर्देश
बता दें कि NDTA के अध्यक्ष अतुल भार्गव ने एक सर्कुलर में बताया था कि NDMC के चेयरमैन और वाइस चेयरमैन के फोन पर दिए गए परामर्श और इलाके की गंभीर स्थिति को देखते हुए ये फैसला लिया गया है. व्यापारियों से अपील की गई है कि किसी भी घटना, संपत्ति के नुकसान या चोट से बचने के लिए वो निर्देशों का पालन करें.
aajtak.in