दिल्ली-एनसीआर में जून महीने की शुरुआत फिलहाल सूखी रही है. मंगलवार को राजधानी के किसी भी प्रमुख मौसम केंद्र पर बारिश दर्ज नहीं की गई. हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि यह स्थिति ज्यादा दिनों तक नहीं रहने वाली. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 3 जून से 6 जून के बीच मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है.
आईएमडी के मुताबिक 4 और 5 जून को दिल्ली-एनसीआर में मौसम सबसे अधिक सक्रिय रहने की संभावना है. इस दौरान कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. कुछ स्थानों पर तेज हवाएं और धूलभरी आंधी चलने के भी आसार हैं. मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि इन गतिविधियों से तापमान में और गिरावट आएगी तथा लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी.
मंगलवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 37.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.3 डिग्री कम रहा. वहीं न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. राजधानी के अन्य मौसम केंद्रों पर भी तापमान सामान्य से नीचे रहा. पालम में अधिकतम तापमान 35.9 डिग्री, लोधी रोड में 36 डिग्री, रिज क्षेत्र में 37.2 डिग्री और अयानगर में 36.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
बुधवार के लिए मौसम विभाग ने आंशिक रूप से बादल छाए रहने, गरज-चमक और कुछ इलाकों में हल्की बारिश की संभावना जताई है. अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है.
मौसम विभाग के अनुसार आगामी सप्ताह में दिल्ली-एनसीआर में लू चलने की संभावना बेहद कम है. लगातार बादल, बारिश और तेज हवाओं के प्रभाव से पूरे सप्ताह अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना रह सकता है. आमतौर पर जून के पहले सप्ताह में राजधानी में तेज गर्मी और तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच जाता है, लेकिन इस बार मौसम अपेक्षाकृत सुहावना रहने के संकेत हैं.
उधर, दिल्ली की वायु गुणवत्ता भी फिलहाल मध्यम श्रेणी में बनी हुई है. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार मंगलवार शाम 4 बजे राजधानी का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 106 दर्ज किया गया. मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि बारिश और तेज हवाओं की वजह से आने वाले दिनों में हवा की गुणवत्ता में भी सुधार देखने को मिल सकता है.
aajtak.in