दिल्ली-एनसीआर में बुधवार को हुई तेज बारिश से हालात बदल गए हैं. राजधानी के कई इलाकों में सड़कों पर पानी जमा हो चुका है और गाड़ियों की रफ्तार थम गई है. संगम विहार और जनपथ समेत कई मुख्य रास्तों पर लंबा जाम लगा है. बारिश के कारण सबसे ज्यादा परेशानी स्कूल से घर लौट रहे बच्चों और उनके परिजनों को झेलनी पड़ रही है.
संगम विहार इलाके में तेज बारिश के बाद सड़कों पर पानी भर गया है. जिससे राहगीरों के लिए आवाजाही काफी मुश्किल हो गई है. स्कूल की छुट्टी का समय होने के कारण मासूम बच्चों को इसी भरे पानी के बीच से निकलना पड़ रहा है. तस्वीरों में अभिभावक अपने छोटे बच्चों को गोद या कंधे पर बैठाकर सड़क पार कराते दिख रहे हैं.
बारिश का असर जनपथ रोड पर भी साफ नजर आ रहा है. सड़क के कई हिस्सों में पानी जमा होने से गाड़ियों के पहिए ठिठक गए हैं. शाम के वक्त दफ्तर से घर लौट रहे लोगों को भारी ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ रहा है.
घुटने भर पानी के बीच से रास्ता तलाशते दिखे स्कूली बच्चे
बारिश की वजह से सबसे ज्यादा फजीहत स्कूली बच्चों की हो रही है. कई जगहों पर घुटनों तक पानी भर चुका है, जहां से बच्चे संभलकर आगे बढ़ रहे हैं. एक तस्वीर में महिला अपनी बच्ची को कंधे पर बैठाकर पानी पार कराती दिख रही है, तो वहीं आसपास दूसरे बच्चे भी जलभराव के बीच से रास्ता तलाश रहे हैं.
न सिर्फ दिल्ली, बल्कि नोएडा में भी बारिश के बाद सड़कें पानी से लबालब हो गई हैं. ट्रैफिक बुरी तरह प्रभावित हुआ है और कुछ जगहों पर वाहन पानी में फंस गए हैं. रास्तों पर गाड़ियों की लंबी कतारें लगी हैं, जिससे लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में सामान्य से काफी ज्यादा समय लग रहा है.
आशुतोष कुमार