कहीं गंदी क्रेट, कहीं कीड़े मिले... दिल्ली में ऑनलाइन फूड कंपनियों के स्टोर पर छापेमारी

दिल्ली सरकार के खाद्य सुरक्षा विभाग ने त्योहारों से पहले ऑनलाइन फूड डिलीवरी और रिटेल कंपनियों के खाद्य भंडारण केंद्रों की जांच की. जांच में कई जगहों पर एक्सपायर्ड फूड, गंदगी, मक्खियां, मच्छर और छिपकली मिलीं.

Advertisement
दिल्ली में ऑनलाइन फूड स्टोर पर छापेमारी हुई है. (Photo:@shobhitsid/X) दिल्ली में ऑनलाइन फूड स्टोर पर छापेमारी हुई है. (Photo:@shobhitsid/X)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 17 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 5:45 PM IST

त्योहारी सीजन से पहले दिल्ली सरकार के खाद्य सुरक्षा विभाग ने ऑनलाइन फूड डिलीवरी और रिटेल कंपनियों के फूड स्टोरेज सेंटर्स पर छापेमारी की है. इस दौरान कई जगहों पर एक्सपायर्ड फूड, गंदगी, मक्खियां, मच्छर और छिपकली मिली हैं. इसके अलावा खाद्य पदार्थों को तय तापमान पर नहीं रखने और कीट नियंत्रण की सही व्यवस्था नहीं होने जैसी खामियां भी सामने आई हैं.

Advertisement

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अधिकारियों को बाजारों, खाद्य भंडारण केंद्रों और खाद्य पदार्थों की आपूर्ति करने वाले प्रतिष्ठानों की निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं.

दिल्ली सरकार के खाद्य सुरक्षा विभाग ने त्योहारों से पहले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष जांच अभियान चलाया. इस दौरान कई ऑनलाइन फूड डिलीवरी और रिटेल कंपनियों के स्टोरेज सेंटरों की जांच की गई. अधिकारियों को कई स्थानों पर खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन मिला.

सीएम ऑफिस की ओर से जारी बयान के मुताबिक, जांच के दौरान कई प्रतिष्ठानों में खाद्य पदार्थों को निर्धारित तापमान पर नहीं रखा जा रहा था. इसके अलावा साफ-सफाई और कीट नियंत्रण से जुड़ी व्यवस्थाओं में भी गंभीर कमियां पाई गईं.

उत्तम नगर में मिले एक्सपायर्ड मटर, दही और ब्राउनी

दिल्ली के उत्तम नगर में एक फूड कंपनी के परिसर की जांच के दौरान अधिकारियों को कई ऐसे खाद्य पदार्थ मिले, जिनकी एक्सपायरी डेट निकल चुकी थी. इनमें फ्रोजन हरी मटर, ग्रीक योगर्ट, बिना अंडे वाली चॉकलेट चिप ब्राउनी और गाय के घी से बने उत्पाद शामिल थे. अधिकारियों ने इन उत्पादों को खाद्य सुरक्षा मानकों के लिहाज से जांच के दायरे में लिया.

Advertisement

वजीरपुर में मक्खियां, मच्छर और छिपकली मिली

वजीरपुर औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक अन्य कंपनी के परिसर में जांच के दौरान साफ-सफाई की गंभीर खामियां सामने आईं. अधिकारियों को परिसर में मक्खियां, मच्छर और एक छिपकली मिली. इसके अलावा कई जगह मकड़ी के जाले भी पाए गए. जांच के दौरान अधिकारियों को परिसर की सफाई का शेड्यूल और उससे संबंधित चेकलिस्ट भी उपलब्ध नहीं कराई गई. इससे वहां सफाई व्यवस्था की निगरानी को लेकर सवाल खड़े हुए हैं.

दरियागंज में गंदे क्रेट और धूल, चूहों से बचाव के इंतजाम भी नाकाफी

दिल्ली के दरियागंज में एक प्रमुख ऑनलाइन फूड एग्रीगेटर के परिसर की जांच के दौरान खाद्य पदार्थों के भंडारण वाले स्थानों पर गंदे क्रेट और धूल मिली. इसके अलावा चूहों को पकड़ने के लिए लगाए जाने वाले ट्रैप भी पर्याप्त संख्या में नहीं थे. अधिकारियों के मुताबिक, जो ट्रैप मौजूद थे, उन्हें भी उचित स्थानों पर नहीं लगाया गया था. वहीं, इसी फूड एग्रीगेटर के रोहिणी स्थित स्टोर में खाद्य पदार्थों को अलग-अलग रखने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं मिली. इससे एक उत्पाद के दूसरे उत्पाद के संपर्क में आने से दूषित होने यानी क्रॉस-कंटैमिनेशन का खतरा था.

देसी घी के 59 सैंपल में से 19 असुरक्षित

खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच में देसी घी की गुणवत्ता को लेकर भी चिंताजनक तथ्य सामने आए हैं. सरकारी बयान के मुताबिक, देसी घी के कुल 59 नमूनों की जांच की गई. इनमें से 19 नमूने असुरक्षित पाए गए, जबकि चार नमूने खाद्य सुरक्षा मानकों पर खरे नहीं उतरे. अधिकारियों ने बताया कि जांच के दौरान खाद्य पदार्थों के नमूने भी एकत्र किए गए हैं. जिन प्रतिष्ठानों में खामियां पाई गई हैं, उन्हें सुधार नोटिस जारी किए गए हैं.

Advertisement

CM रेखा गुप्ता ने निगरानी बढ़ाने के दिए निर्देश

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अधिकारियों को त्योहारों के मद्देनजर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने बाजारों, खाद्य भंडारण केंद्रों और खाद्य उत्पादों की आपूर्ति करने वाले प्रतिष्ठानों की निगरानी सख्त करने को कहा है. सरकार के मुताबिक, जांच में सामने आई कमियों के आधार पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमों के अनुसार कार्रवाई की जा रही है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »