कहीं जलेगा 30 फीट का 'कॉकरोच', कहीं रावण बोलेगा 'हे राम'... दिल्ली में इस बार अनोखा दशहरा

लाल किला मैदान में आयोजित होने वाली लव कुश रामलीला में रावण दहन के दौरान एक खास दृश्य दिखाया जाएगा. पितमपुरा में श्री केशव रामलीला समिति ने रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के साथ 30 फुट ऊंचे कॉकरोच का पुतला जलाने की तैयारी की है.

Advertisement
दिल्ली के द्वारका में 221 फीट ऊंचा रावण का पुतला तैयार किया गया है (Photo- ITG/AI) दिल्ली के द्वारका में 221 फीट ऊंचा रावण का पुतला तैयार किया गया है (Photo- ITG/AI)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 19 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 9:24 PM IST

दिल्ली में दशहरे के मौके पर इस बार रावण दहन की परंपरा के साथ समकालीन मुद्दों को भी जोड़ा जा रहा है. कहीं रावण के पुतले के जरिए वायु प्रदूषण और ट्रैफिक की समस्या पर ध्यान खींचा जाएगा, तो कहीं गंदगी के प्रतीक के तौर पर विशाल कॉकरोच का पुतला जलाया जाएगा. एक रामलीला समिति नकली दवाओं और दवाओं की बढ़ती कीमतों को 'आज का रावण' बताकर लोगों के सामने यह मुद्दा उठाएगी.

Advertisement

लाल किला मैदान में आयोजित होने वाली लव कुश रामलीला में रावण दहन के दौरान एक खास दृश्य दिखाया जाएगा. आयोजकों के मुताबिक, भगवान राम का तीर लगने के बाद रावण का पुतला 'हे राम' चिल्लाएगा. इसके बाद एक संवाद के जरिए लोगों को अपने भीतर की बुराइयों को खत्म करने का संदेश दिया जाएगा.

लव कुश रामलीला समिति के अध्यक्ष अर्जुन कुमार ने कहा कि इस बार संवाद के जरिए लोगों को अहंकार छोड़ने और अपने भीतर के रावण को जलाने का संदेश दिया जाएगा. इसमें दिल्ली के ट्रैफिक और वायु प्रदूषण जैसे मुद्दों का भी जिक्र होगा.

रावण की घूमेगी तलवार, जलती दिखेंगी आंखें

लव कुश रामलीला में इस बार 110 फुट ऊंचा रावण का पुतला तैयार किया गया है. आयोजकों ने इसमें कई खास बदलाव किए हैं. पुतले के हाथ में मौजूद तलवार घूमेगी और उसकी आंखें जलती हुई दिखाई देंगी. इसके अलावा रावण के पुतले पर 11 अलग-अलग रंगों की 11 मालाएं लगाई जाएंगी.

Advertisement

रावण के साथ 100 फुट ऊंचा कुंभकर्ण और 90 फुट ऊंचा मेघनाद का पुतला भी होगा. आयोजकों के मुताबिक, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हो सकते हैं.

द्वारका की रामलीला होगी डिजिटल 

द्वारका श्रीरामलीला में इस बार पारंपरिक आयोजन के साथ डिजिटल सुविधाओं और पर्यावरण के अनुकूल उपायों पर जोर दिया गया है. यहां दिल्ली का सबसे ऊंचा 221 फीट का रावण तैयार किया गया है. इसके अलावा कुंभकर्ण और मेघनाद के 90-90 फुट ऊंचे पुतले तैयार किए गए हैं.

आयोजन समिति की कोर कमेटी के सदस्य और मीडिया प्रमुख भारत भूषण मालवीय ने बताया कि इस बार रामलीला को डिजिटल और पर्यावरण के प्रति जागरूक बनाने की कोशिश की गई है. रामलीला का सोशल मीडिया पर सीधा प्रसारण किया गया. साथ ही पहली बार दर्शकों के लिए मोबाइल ऐप और डिजिटल टिकटिंग की सुविधा शुरू की गई.

मालवीय ने इसे भारत की पहली डिजिटल रामलीला बताया. उन्होंने कहा कि आयोजन के दौरान ग्रीन पटाखों का भी इस्तेमाल करने की योजना है. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारका श्रीरामलीला के दशहरा समारोह में शामिल होंगी.

पितमपुरा में रावण के साथ जलेगा कॉकरोच

पितमपुरा में श्री केशव रामलीला समिति ने रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के साथ 30 फुट ऊंचे कॉकरोच का पुतला जलाने की तैयारी की है. आयोजकों के मुताबिक, कॉकरोच गंदगी और अस्वच्छता का प्रतीक होगा. इस पहल का मकसद लोगों को सफाई के प्रति जागरूक करना और स्वच्छ भारत अभियान का संदेश देना है.

Advertisement

समिति के अध्यक्ष अशोक गोयल ने कहा कि यह किसी राजनीतिक दल या मुद्दे से प्रेरित पहल नहीं है. इसका उद्देश्य अच्छाई की बुराई पर जीत और साफ-सफाई के महत्व को सामने लाना है. उन्होंने बताया कि समिति पहले भी नक्सलवाद और आतंकवाद जैसे मुद्दों के प्रतीकात्मक पुतले जला चुकी है.

नकली दवाओं को दिखाया जाएगा 'आज का रावण'

पश्चिम विहार की इंद्रप्रस्थ रामलीला समिति इस बार रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के अलावा 'आज का रावण' नाम से चौथा पुतला भी जलाएगी. समिति के अध्यक्ष संदीप बिंदु के मुताबिक, यह पुतला जेनेरिक दवाओं की कीमतों में कथित हेरफेर और नकली दवाओं की बिक्री जैसी समस्याओं का प्रतीक होगा.

बिंदु ने कहा कि दवाओं की कीमतें इतनी बढ़ जाती हैं कि आम लोगों के लिए उन्हें खरीदना मुश्किल हो जाता है. इसके साथ ही नकली या बेअसर दवाएं मिलने का खतरा भी बना रहता है. समिति का कहना है कि इस पुतले के जरिए इन समस्याओं के प्रति लोगों का ध्यान खींचने की कोशिश की जाएगी.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »