संसद भवन की ओर मार्च कर रहे CJP के प्रदर्शनकारी सोमवार को कनॉट प्लेस पहुंच गए. प्रदर्शनकारियों की बड़ी संख्या आउटर सर्किल पर जमा हो गई, जिससे इलाके में यातायात प्रभावित हो गया. प्रदर्शनकारियों ने कनॉट प्लेस के आउटर सर्किल पर कुछ बसों को रोक दिया. हालात को देखते हुए आउटर सर्किल पर ट्रैफिक भी रोक दिया गया. प्रदर्शनकारियों के जमावड़े की वजह से कनॉट प्लेस और आसपास के इलाकों में जाम की स्थिति बन गई.
कनॉट प्लेस से करीब 300 मीटर दूर स्थित जंतर-मंतर से शुरू हुआ प्रदर्शन अब आगे बढ़कर कनॉट प्लेस तक पहुंच गया है. इससे पहले प्रदर्शनकारी जंतर-मंतर और जनपथ इलाके में भी जुटे थे. मौके पर प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की ओर से लगाए गए बैरिकेड हटाने की भी कोशिश की. फिलहाल इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है.
प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच भिड़ंत
संसद मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प हुई. प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और बैरिकेड तोड़ने की कोशिश की. उन्हें रोकने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले भी छोड़े. इस दौरान कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया. प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भी हिस्सा लिया. सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर कई मेट्रो स्टेशनों के एंट्री और एग्जिट गेट अस्थायी रूप से बंद कर दिए गए थे, जिन्हें बाद में फिर से खोल दिया गया.
आशुतोष मिश्रा