दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन को लेकर दिल्ली पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है. 20 और 21 जुलाई को हुए बवाल के बाद अब पुलिस ने अब तक अलग-अलग थानों में कुल 10 FIR दर्ज की हैं. प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा, पथराव, तोड़फोड़ और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने के मामलों में ये कार्रवाई की गई है.
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अलग-अलग इलाकों में मामले दर्ज किए गए हैं. संसद मार्ग थाना में 4 FIR, कनॉट प्लेस थाना में 3 FIR और मंदिर मार्ग थाना में 1 FIR दर्ज की गई है. वहीं 1 FIR बाराखंभा रोड थाना और 1 FIR कर्तव्य पथ थाना में हुई है.
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हिंसा को लेकर रची गई साजिश, सरकारी काम में बाधा डालने, पुलिस कर्मियों के साथ मारपीट करने और प्रॉपर्टी को नुकसान पहुंचाने की अलग-अलग धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है.
सीसीटीवी से आरोपियों की तलाश कर रही पुलिस
दिल्ली पुलिस ने 21 जुलाई को RAF और पुलिस अधिकारी पर हमला करने के आरोप में भी अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है. पुलिस का कहना है कि इन सभी मामलों की जांच तेजी से जारी है. पुलिस सभी सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और हिंसा में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है.
21 जुलाई का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) के एक जवान को भीड़ ने चारों तरफ से घेर लिया. उपद्रवियों ने जवान के साथ जमकर मारपीट की और उसकी लिंचिंग करने की कोशिश की. किसी तरह दूसरे साथी जवानों ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे भीड़ के चंगुल से छुड़ाया.
यह भी पढ़ें: सोनम वांगचुक और जेपी नड्डा के बीच एक घंटे चली बैठक... जानें क्या-क्या बात हुई
पेलेट गन इस्तेमाल के दावों को पुलिस ने खारिज किया
इस बीच, दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया पर चल रहे उस दावे को पूरी तरह से गलत और भ्रामक बताया है, जिसमें कहा जा रहा था कि प्रदर्शनकारियों पर पेलेट गन का इस्तेमाल किया गया है. पुलिस ने बताया कि उनके पास पेलेट गन नहीं होती हैं और न ही वो प्रदर्शन के दौरान इनका इस्तेमाल करते हैं. इसके साथ ही दिल्ली पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वो इस तरह की किसी भी बिना जांच-परख वाली या झूठी खबर को शेयर या शेयर न करें.
अरविंद ओझा