दिल्ली के बारापुला फेज-III फ्लाईओवर के तीन लेन वाले हिस्से को दो लेन वाले मौजूदा कॉरिडोर से जोड़ने वाले मर्जर पॉइंट पर बहुत ज्यादा जाम की समस्या हो रही है. ट्रैफिक पुलिस ने इस जंक्शन के तीखे और अचानक मुड़ने वाले डिजाइन को लेकर PWD विभाग से तुरंत बदलाव करने की मांग की है.
ट्रैफिक पुलिस ने दिल्ली के PWD विभाग से कहा है कि वे उस मर्जर पॉइंट में तुरंत बदलाव करें. पुलिस के मुताबिक, जंक्शन का तीखा और अचानक मुड़ने वाला डिजाइन इस व्यस्त रास्ते पर अतिरिक्त जाम बढ़ा रहा है.
बारापुला फेज-III फ्लाईओवर पिछले सप्ताह ही आम जनता के लिए खोला गया था. फ्लाईओवर खुलने के बाद से तुरंत बाद ही नए हिस्से पर ट्रैफिक की स्थिति बहुत खराब हो गई है. अधिकारियों के मुताबिक, सफदरगंज अस्पताल और सराय काले खां के बीच लगभग 8 किमी रास्ते को तय करने में यात्रियों को एक घंटे लग जा रहे हैं.
ट्रैफिक पुलिस ने PWD विभाग को लिखा पत्र
ट्रैफिक पुलिस ने PWD विभाग को पत्र लिखकर इस पर चिंता जताई थी. इस पत्र में ट्रैफिक पुलिस ने लिखा है कि इस बनावट के कारण बहुत ज्यादा ट्रैफिक जाम की स्थिति हो रही है. अधिकारियों ने बताया कि इससे नए खुले कॉरिडोर पर ट्रैफिक का बहुत ज्यादा दबाव बढ़ रहा है. ट्रैफिक पुलिस द्वारा किए गए ड्रोन सर्वे के जरिए जंक्शन की दिक्कत का पता चला.
यह भी पढ़ें: दिल्ली: विपक्ष का प्रोटेस्ट, कनॉट प्लेस से जंतर-मंतर तक डायवर्जन! दिल्ली पुलिस ने जारी की ट्रैफिक एडवाइजरी
फेज-III फ्लाईओवर में तीन लेन हैं. उसी पॉइंट पर, सनडायल की तरफ से सराय काले खां और रिंग रोड की ओर आने वाली तीन और लेन कॉरिडोर से यह जुड़ती है. आश्रम और DND की तरफ से आने वाली तीन और लेन भी मौजूदा बारापुला कॉरिडोर से जुड़ती हैं. पुलिस के मुताबिक, मौजूदा फ्लाईओवर उस हिस्से में दो लेन का हो जाता है.
मर्जर का फिजिकल डिजाइन इस दिक्कत को और बढ़ा देता है. ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि नया फ्लाईओवर सनडायल के पास मौजूदा फ्लाईओवर से एक स्मूथ कर्व के बजाय तीखे या रेक्टेंगुलर अलाइनमेंट के साथ जुड़ता है. पत्र में कहा गया है कि इससे ट्रैफिक अचानक एक साथ मिलता है और जंक्शन पर भीड़ हो जाती है.
ट्रैफ़िक पुलिस ने PWD से डिजाइन बदलने की अपील की है. ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि PWD विभाग नियम लागू करने की बजाय इस मर्जर का डिदाइन बदलें. ट्रैफिक पुलिस का यह दखल फ़ेज़-III स्ट्रेच के खुलने के कुछ ही दिनों बाद आया है. इस फ्लाईओवर के खुलने के बाद यह उम्मीद लगाई जा रही थी कि इससे दक्षिण दिल्ली और मयूर विहार-सराय काले खां जैसे इलाकों के बीच बेहतर कनेक्टिविटी होगी लेकिन इससे ट्रैफिक जाम की स्थिति बन रही है.
aajtak.in