दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेताओं को फ्लाइट के अंदर हिरासत में लिए जाने के दौरान यात्रियों को भी परेशानी हुई. मुंबई से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट में सवार एक यात्री ने इस पर नाराजगी जताई. उसने कहा कि प्लेन लैंड होने के बाद भी यात्रियों को इंतजार करना पड़ा. इसी दौरान फ्लाइट के आगे की तरफ से 'इंकलाब जिंदाबाद' के नारे सुनाई दिए.
दरअसल, यह फ्लाइट CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके और उनके साथियों को लेकर दिल्ली पहुंची थी. उन्हें जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करना था. लेकिन प्लेन लैंड होते ही दिल्ली पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया. इस कार्रवाई के लिए महिला पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था.
'फ्लाइट लैंड होने के बाद भी इंतजार करना पड़ा'
यात्री ने बताया कि वह मुंबई से दिल्ली आ रहा था. फ्लाइट लैंड होने के बाद भी उन्हें इंतजार करना पड़ा. इसी दौरान विमान के आगे की तरफ से नारेबाजी की आवाज सुनाई दी. यात्री ने कहा कि उसे अभिजीत दिपके के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है. उसे यह भी नहीं पता था कि फ्लाइट में मौजूद लोग कौन थे.
यात्री ने कहा कि कुछ लोगों के इस तरह के व्यवहार से आम लोगों को परेशानी होती है. उसका सवाल था कि विरोध प्रदर्शन के नाम पर यात्रियों को क्यों इंतजार करना पड़े.
यात्री से पूछा गया कि अगर वोटर लिस्ट से लोगों के नाम गलत तरीके से हटाए गए हैं तो क्या इस मुद्दे पर प्रदर्शन नहीं होना चाहिए? इस पर यात्री ने जवाब दिया कि इस मामले को सुप्रीम कोर्ट देखेगी. अगर किसी के वोट गलत तरीके से काटे गए हैं, तो कोर्ट इस पर फैसला कर सकती है.
यात्री ने कहा कि हर समस्या के लिए सड़क पर उतरना सही तरीका नहीं है. उसने सवाल उठाया कि अगर आम लोग खुद ही विरोध प्रदर्शन करके हर समस्या को ठीक करने लगेंगे, तो अदालतों की जरूरत क्या रह जाएगी.
'हर जगह परेशानी पैदा करना कितना सही?'
यात्री ने कहा कि देश में समस्याओं को सुलझाने के लिए एक व्यवस्था है. लोगों को उसी व्यवस्था के तहत अपनी शिकायत रखनी चाहिए. उसने यह भी सवाल किया कि अगर हर संगठन हर जगह प्रदर्शन करने लगेगा, तो आम जनता को होने वाली परेशानी का क्या होगा.
दरअसल, CJP ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का ऐलान किया था. दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन की इजाजत नहीं दी थी. इसके बावजूद संगठन के नेताओं ने दिल्ली पहुंचने का फैसला किया.
aajtak.in