दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने 18 फरवरी की शाम के लिए विशेष ट्रैफिक इंतजामों की घोषणा की है. भारत मंडपम में आयोजित हो रहे AI इम्पैक्ट समिट के दौरान वीवीआईपी मूवमेंट को देखते हुए यह व्यवस्था की गई है. एडवाइजरी के अनुसार शाम 4 बजे से रात 10 बजे तक ट्रैफिक प्रतिबंध और डायवर्जन लागू रहेंगे.
16 से 20 फरवरी तक भारत मंडपम में समिट
भारत 16 से 20 फरवरी तक दिल्ली के भारत मंडपम में AI इम्पैक्ट समिट 2026 की मेजबानी कर रहा है. इस कार्यक्रम में 30 से अधिक देशों के प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं, जिनमें मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी, विदेशी प्रतिनिधि और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के सदस्य शामिल हैं.
इन प्रमुख सड़कों पर रहेगा असर
एडवाइजरी के मुताबिक सरदार पटेल मार्ग, मदर टेरेसा क्रेसेंट, तीन मूर्ति मार्ग, अकबर रोड, जनपथ, विंडसर प्लेस, तीस जनवरी मार्ग, पृथ्वीराज रोड, राजेश पायलट मार्ग, सुब्रह्मण्यम भारती मार्ग और मथुरा रोड (लोधी फ्लाईओवर से भैरों मार्ग तक) पर ट्रैफिक नियंत्रित रहेगा.
इसके अलावा शांति पथ (सत्या मार्ग से कौटिल्य मार्ग के बीच), अफ्रीका एवेन्यू, सत्या मार्ग (यशवंत प्लेस से शांति पथ तक) और डॉ. जाकिर हुसैन मार्ग पर भी जाम की संभावना जताई गई है.
वैकल्पिक मार्गों की सलाह
यातायात सुचारू रखने के लिए पुलिस ने कुछ वैकल्पिक मार्ग सुझाए हैं. इनमें सैन मार्टिन मार्ग, पंचशील मार्ग, एपीजे अब्दुल कलाम मार्ग, कमाल अतातुर्क मार्ग, अरबिंदो मार्ग, लोधी रोड, साउथ एवेन्यू रोड, वंदेमातरम मार्ग, बारापुला रोड, रिंग रोड, तिलक मार्ग, फिरोजशाह रोड, रफी मार्ग, संसद मार्ग और के. कामराज मार्ग शामिल हैं.
aajtak.in