Republic Day: संसद बवाल कांड से सबक, गणतंत्र दिवस की परेड में जूतों और जैकेट पर होगी विशेष नजर, तीन लेयर की सुरक्षा से गुजरेंगे लोग

Republic Day 2024: गणतंत्र दिवस पर दिल्ली को छावनी में बदलने की तैयारी है. राष्ट्रीय राजधानी में दिल्ली पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स के करीब 60 हजार जवान सुरक्षा का जिम्मा संभालेंगे. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दिल्ली स्थित कर्तव्य पथ पर ध्वजारोहण करेंगी. कार्यक्रम में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों मुख्य अतिथि होंगे.

Advertisement
गणतंत्र दिवस पर आयोजित परेड में तीनों सेनाएं मार्च करती हैं.. (फाइल फोटो) गणतंत्र दिवस पर आयोजित परेड में तीनों सेनाएं मार्च करती हैं.. (फाइल फोटो)

हिमांशु मिश्रा

  • नई दिल्ली,
  • 25 जनवरी 2024,
  • अपडेटेड 10:25 AM IST

Republic Day 2024: देश शुक्रवार (26 जनवरी) को अपना  75वां गणतंत्र दिवस मनाएगा. कर्तव्य पथ पर आयोजित मुख्य समारोह में परेड को लेकर खास तैयारी की गई है. वहीं, संसद बवाल कांड से सबक लेते हुए दिल्ली पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी की किलेबंदी पूरी कर ली है. इस बार तलाशी से लेकर सुरक्षा पर विशेष नजर रखी जाएगी. कर्तव्य पथ तक पहुंचने के लिए कुल तीन लेयर की सुरक्षा से गुजरना होगा. खासतौर पर जूतों और जैकेट पर नजर रखी जाएगी.

Advertisement

बता दें कि 13 दिसंबर को संसद भवन पर हुए हमले की 22वीं बरसी थी. उसी दिन दोपहर एक बजे संसद की विजिटर गैलरी यानी दर्शक दीर्घा से दो शख्स अचानक नीचे कूद गए और हंगामा करने लगे. दोनों ने नारेबाजी की, फिर जूते में छिपाकर रखा गया कलर स्प्रे निकाला और हवा में उड़ा दिया. इससे सांसदों में डर फैल गया. हालांकि, बाद में दोनों आरोपियों को पकड़ा गया और पुलिस के हवाले कर दिया. ठीक उसी समय संसद के बाहर भी दो लोगों को हंगामा करते वक्त पकड़ा गया था. इसमें एक महिला और एक युवक शामिल था. संसद भवन के बाहर दिल्ली पुलिस का पहरा था. ये आरोपी सुरक्षाबलों को चकमा देकर अंदर कलर स्प्रे ले गए थे.

'तलाशी और सुरक्षा में मुस्तैदी बरतेंगे जवान'

इस घटना से दिल्ली पुलिस ने सबक लिया और 26 जनवरी पर सिक्योरिटी का खास इंतजाम किया है. इस बार तलाशी और सुरक्षा में तैनात जवानों को जूतों पर विशेष ध्यान देने के लिए कहा गया है. शुक्रवार को कर्तव्य पथ तक पहुंचने के लिए लोगों को एक नहीं, बल्कि फ्रिस्किंग के तीन लेयर से गुजरना होगा.

Advertisement

'सिक्के लेकर भी नहीं आ सकेंगे मेहमान'

खासतौर से जिनके शॉल थोड़े मोटे होंगे, उन पर नजर रखी जाएगी. सीसीटीवी कंट्रोल रूम में तैनात पुलिस कर्मियों को भी हिदायत दी गई है कि वो लोगों पर पूरी तरह नजर बनाए रखें. खासतौर से जैकेट और जूतों पर ध्यान दें. पुलिस ने पहले ही लोगों से उन समान को लाने से मना किया है, जिसे फेंका जा सके. इसमें सिक्के भी शामिल हैं.

'हर मूवमेंट पर रखी जाएगी नजर'

सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट मोड पर रखा गया है. परेड में आईं झांकियों से लेकर परिसर के कोने-कोने पर नजर रखने की तैयारी है. समारोह स्थल से 5 किमी के दायरे को हाई रिजॉल्यूशन कैमरे से लैस किया गया है. संदिग्धों के प्रत्येक मूवमेंट पर नजर रखी जाएगी. 
 
वीआईपी को बगल में मिलेगी पार्किंग

वहीं, दिल्ली यातायात पुलिस ने बुधवार को बताया कि इस बार गणतंत्र दिवस पर पार्किंग की खास तैयारी की है. वरिष्ठ नौकरशाहों और राजनेताओं समेत वीआईपी लोगों को उनके बैठने की जगह के पास पार्किंग की सुविधा दी जाएगी. यानी मेहमानों को जहां सीट अलॉट की गई है, उनकी कार उस पार्किंग के पास तक जा सकेगी. मेहमानों की कारों को पार्किंग तक जाने के लिए लेबल भी दिए गए हैं. एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान वीआईपी पार्किंग में हमेशा जरूरत से कम जगह होती है. इस बार हमने वीआईपी लोगों के लिए बैठने की जगह के पास पार्किंग की सुविधा प्रदान की है. उनका वाहन पास की पार्किंग में जा सकता है. आगंतुकों के लिए विशेष पार्किंग व्यवस्था के संबंध में एक एडवाइजरी भी जारी की है.

Advertisement

'पार्किंग को लेकर खास तैयारी'

विज्ञान भवन के पीछे पार्किंग स्थल 3 और 4 की क्षमता 300 वाहनों की है. एक बार जब इन जगहों पर पार्किंग फुल हो जाती है तो मेहमानों को सिर्फ विज्ञान भवन के पास मौलाना आजाद रोड पर पार्किंग करना होगा और उनके वाहनों को पार्किंग स्थल 1 और 2 (निर्माण भवन और उद्योग भवन के पीछे), 2 ए (निर्माण भवन और उद्योग  भवन के अंदर), 5 (जबता मस्जिद के पीछे), 6 (कोटा हाउस जाम नगर हाउस और जेलसैमर हाउस), 7 (वाणिज्य भवन)  में समायोजित किया जाएगा. एडवाइजरी में कहा गया है कि नई दिल्ली, पुरानी दिल्ली, निजामुद्दीन और आनंद विहार रेलवे स्टेशनों पर पार्किंग स्थल पर गुरुवार रात 10 बजे से शुक्रवार दोपहर 12 बजे तक वाहन पार्किंग की अनुमति नहीं है.

गणतंत्र दिवस समारोह के मद्देनजर आम जनता से कहा गया है कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन, पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन, निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन और आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर पार्किंग स्थल पर गुरुवार रात 10 बजे से शुक्रवार अपराह्न 12 बजे तक वाहनों की पार्किंग की अनुमति नहीं है. पुलिस ने कहा, सभी को सार्वजनिक परिवहन वाहनों का उपयोग करने की सलाह दी जाती है. यात्रियों के लिए पिक-अप और ड्रॉप वाहन रेलवे स्टेशनों के बाहर उपलब्ध होंगे.

Advertisement

यातायात व्यवस्था और प्रतिबंधों पर एडवाइजरी

दिल्ली पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी में गणतंत्र दिवस समारोह को लेकर यातायात व्यवस्था और प्रतिबंधों पर एक एडवाइजरी जारी की है. एडवाइजरी के मुताबिक, गणतंत्र दिवस परेड सुबह 10.30 बजे विजय चौक से शुरू होगी और लाल किला मैदान की ओर बढ़ेगी. सुबह 9.30 बजे नेशनल वॉर मेमोरियल, इंडिया गेट पर समारोह होगा. परेड मार्ग पर व्यापक यातायात व्यवस्था और प्रतिबंध होंगे. एडवाइजरी में कहा गया है कि परेड विजय चौक, कर्तव्य पथ, सी-हेक्सागन, सुभाष चंद्र बोस चौराहा, तिलक मार्ग, बहादुर शाह जफर मार्ग, नेताजी सुभाष मार्ग और लाल किले से होकर गुजरेगी. बुधवार शाम 6 बजे से कर्तव्य पथ पर विजय चौक से इंडिया गेट तक किसी भी यातायात की अनुमति नहीं दी जा रही है. परेड खत्म होने तक पाबंदियां जारी रहेंगी. 

एडवाइजरी में कहा गया है कि बुधवार रात 10 बजे से परेड खत्म होने तक रफी मार्ग, जनपथ, मान सिंह रोड पर कर्तव्य पथ पर किसी भी तरह के यातायात की अनुमति नहीं दी जाएगी. सी-हेक्सागन-इंडिया गेट गुरुवार सुबह 9.15 बजे से परेड के तिलक मार्ग पार करने तक यातायात के लिए बंद रहेगा. गुरुवार सुबह 10.30 बजे से तिलक मार्ग, बहादुर शाह जफर मार्ग और नेताजी सुभाष मार्ग पर यातायात की अनुमति नहीं होगी.

Advertisement

परेड की स्थिति के आधार पर सिर्फ क्रॉस-ट्रैफिक की अनुमति दी जाएगी. यातायात सलाह में वैकल्पिक मार्ग सुझाए गए हैं जिनका वाहन चालक पालन कर सकते हैं. एडवाइजरी में कहा गया है कि यात्री मंदिर मार्ग तक पहुंचने के लिए मदरसा, लोधी रोड टी-पॉइंट से अरबिंदो मार्ग, एम्स चौक, रिंग रोड-धौला कुआं, वंदे मातरम मार्ग और शंकर रोड का रास्ता अपना सकते हैं.

पैराग्लाइडर, पैरामोटर्स, हैंग ग्लाइडर, यूएवी, यूएएस, माइक्रोलाइट विमान, दूर से संचालित विमान, गर्म हवा के गुब्बारे, छोटे आकार के विमान, क्वाडकॉप्टर या विमान से पैराजंपिंग जैसे गैर पारंपरिक उड़ान पर 15 फरवरी तक प्रतिबंध है.

दक्षिण दिल्ली से नई दिल्ली रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाले यात्री पहाड़गंज की ओर से धौला कुआं, वंदे मातरम मार्ग, पंचकुइयां रोड, कनॉट प्लेस आउटर सर्कल और चेम्सफोर्ड रोड और अजमेरी गेट की ओर से मिंटो रोड और भवभूति मार्ग से गुजर सकते हैं. पूर्वी दिल्ली से आईएसबीटी पुल, रानी झांसी फ्लाईओवर, झंडेवालान गोल चक्कर, डीबी गुप्ता रोड, शीला सिनेमा रोड और पहाड़गंज पुल के माध्यम से बुलेवार्ड रोड ले सकते हैं.

दक्षिणी दिल्ली से पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन की यात्रा करने के लिए लोगों से रिंग रोड, आश्रम चौक, सराय काले खां, राजघाट, चौक यमुना बाजार, एसपी मुखर्जी मार्ग, छत्ता रेल और कौरिया पुल का इस्तेमाल करने का आग्रह किया गया है. गाजियाबाद से शिवाजी स्टेडियम जाने वाली अंतरराज्यीय बसों को राष्ट्रीय राजमार्ग -24, रिंग रोड लेना होगा और भैरों रोड पर समाप्त करना होगा. राष्ट्रीय राजमार्ग-24 से आने वाली बसें रोड नंबर 56 पर दाहिनी ओर मुड़ेंगी और आईएसबीटी-आनंद विहार पर समाप्त होंगी.

Advertisement

गाजियाबाद से वजीराबाद ब्रिज के लिए बसों को मोहन नगर से भोपरा चुंगी की ओर डायवर्ट किया जाएगा. गुरुवार रात 11 बजे से परेड खत्म होने तक किसी भी भारी परिवहन/हल्के मालवाहक वाहनों को अन्य राज्यों से दिल्ली में प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी जाएगी. इन वाहनों को शुक्रवार सुबह 7.30 बजे से दोपहर 1.30 बजे तक केवल रिंग रोड पर आईएसबीटी-सराय काले खां और आईएसबीटी-कश्मीरी गेट के बीच चलने की अनुमति होगी.

'मेट्रो स्टेशनों पर होंगे अनाउंस'

कर्तव्य पथ तक पहुंचने के लिए सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करें. जिन लोगों के पास गणतंत्र दिवस समारोह में भाग लेने के लिए ई-निमंत्रण कार्ड या ई-टिकट होंगे, उन्हें मेट्रो स्टेशनों पर सरकार द्वारा जारी पहचान पत्र दिखाने पर कूपन जारी किए जाएंगे. दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) के एक बयान में कहा, कर्तव्य पथ तक पहुंचने के लिए ये कूपन केंद्रीय सचिवालय और उद्योग भवन स्टेशनों से बाहर निकलने के लिए मान्य होंगे. 

'मेहमानों को कार्ड दिखाने पर मिलेंगे कूपन'

वही कूपन इन दोनों स्टेशनों से वापसी यात्रा के लिए मान्य होगा. 1 से 9 और V1 और V2 के लिए चिह्नित निमंत्रण कार्ड वाले यात्रियों को उद्योग भवन उतरना चाहिए. इसी तरह, 10 से 24 और वीएन के लिए चिह्नित (निमंत्रण कार्ड के साथ) लोगों को केंद्रीय सचिवालय में उतरने की सलाह दी जाती है. यात्रियों को इसके बारे में सूचित करने के लिए ट्रेनों के अंदर नियमित घोषणाएं भी की जाएंगी ताकि वे निर्धारित स्टेशनों पर क्रम से उतर सकें.

Advertisement

'फ्रांस के राष्ट्रपति होंगे मुख्य अतिथि'

इस बार गणतंत्र दिवस पर फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों मुख्य अतिथि होंगे. 26 जनवरी को वे दिल्ली में गणतंत्र दिवस परेड में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ शामिल होंगे. वे जयपुर से भारत की अपनी दो दिवसीय यात्रा शुरू करेंगे. मेक्रों जयपुर में पीएम मोदी के साथ रोड शो करेंगे और पहाड़ी किले आमेर, जंतर-मंतर, उसके बाद रोड शो, फिर हवा महल घूमने भी जाएंगे. वहां से रामबाग पैलेस जाने का भी कार्यक्रम है. बाद में वो दिल्ली रवाना हो जाएंगे. राष्ट्रपति मैक्रों का स्पेशल विमान 25 जनवरी की दोपहर करीब 2:30 बजे जयपुर एयरपोर्ट पर लैंड होगा. फ्रांसीसी राष्ट्रपति की यात्रा ऐसे समय हो रही है जब दोनों पक्षों के शीर्ष वार्ताकार भारत द्वारा 26 राफेल-एम लड़ाकू जेट और तीन फ्रांसीसी-डिजाइन वाली स्कॉर्पीन पनडुब्बियों की खरीद के लिए दो मेगा रक्षा सौदों को अंतिम रूप देने पर विचार कर रहे हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »