'मेरी शादी होने वाली है, फिर भी भेजते हो गंदे मैसेज', कॉलेज पहुंची युवती ने प्रोफेसर को मारे थप्पड़, Video

रायगढ़ जिले के कुंजारा शासकीय महाविद्यालय के एक प्रोफेसर पर डेढ़ साल तक एक युवती को अश्लील मैसेज भेजने और शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाने का आरोप लगा है. आरोपों से परेशान युवती अपने मंगेतर के साथ कॉलेज पहुंची और प्रोफेसर का कॉलर पकड़कर थप्पड़ मारे. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है.

Advertisement
युवती ने प्रोफेसर को जड़े थप्पड़. (Photo: ITG) युवती ने प्रोफेसर को जड़े थप्पड़. (Photo: ITG)

नरेश शर्मा

  • रायगढ़ ,
  • 03 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 7:53 PM IST

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले की लैलूंगा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कुंजारा स्थित शासकीय महाविद्यालय का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में एक युवती कॉलेज परिसर के एक कमरे में पहुंचकर प्रोफेसर का कॉलर पकड़ती है और उसे थप्पड़ मारते हुए दिख रही है. युवती का आरोप है कि कॉलेज का प्रोफेसर पिछले डेढ़ साल से उसे लगातार अश्लील मैसेज भेज रहा था और शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव डाल रहा था. इसी से परेशान होकर उसने यह कदम उठाया.

Advertisement

जानकारी के अनुसार पीड़ित युवती लैलूंगा विधानसभा क्षेत्र की रहने वाली है. आरोप है कि कुंजारा के शासकीय महाविद्यालय में पदस्थ प्रोफेसर रमन भार्गव पिछले करीब डेढ़ साल से उसके मोबाइल फोन पर लगातार अश्लील मैसेज भेज रहा था. युवती का कहना है कि मैसेज में प्रोफेसर उससे शारीरिक संबंध बनाने की बात करता था और कई आपत्तिजनक और अश्लील मैसेज भी भेजता था. इन मैसेजों के कराण वह लंबे समय से मानसिक रूप से परेशान थी.

बताया जा रहा है कि शुरुआत में युवती ने इस मामले को नजरअंदाज करने की कोशिश की, लेकिन जब लगातार अश्लील मैसेज आना बंद नहीं हुए तो उसने अपने परिवार को पूरी बात बताई. इसके बाद उसने अपने मंगेतर को भी पूरे मामले की जानकारी दी. दोनों ने मिलकर प्रोफेसर का सामना करने का फैसला किया. आरोप है कि युवती अपने मंगेतर के साथ कॉलेज पहुंची और उस कमरे में गई जहां प्रोफेसर मौजूद था. वहां पहुंचते ही उसने प्रोफेसर रमन भार्गव का कॉलर पकड़ लिया और उसे थप्पड़ मारे. युवती ने प्रोफेसर से कहा कि जिसके साथ उसकी शादी होने वाली है, वह भी उसके साथ मौजूद है, फिर भी वह उसे शारीरिक संबंध बनाने के लिए मैसेज भेज रहा था.

Advertisement

अश्लील मैसेज से तंग आकर फूटा गुस्सा

घटना के दौरान वहां मौजूद कुछ महिलाओं ने युवती को शांत कराने और समझाने की कोशिश की, लेकिन वह लगातार प्रोफेसर पर अपने आरोप दोहराती रही. इसी दौरान यह भी आरोप सामने आया कि प्रोफेसर का एक साथी भी इस पूरे मामले में उसका सहयोग करता था. युवती का कहना है कि दोनों मिलकर पिछले डेढ़ साल से उसे अश्लील मैसेज भेजकर मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे.

वीडियो में यह भी दिखाई देता है कि युवती प्रोफेसर के साथ मौजूद उसके साथी के साथ भी गाली-गलौज करती है और उसकी भी पिटाई कर देती है. पूरे घटनाक्रम के दौरान वहां मौजूद लोग बीच-बचाव करने की कोशिश करते रहे. इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं.

मामला अब पुलिस तक पहुंच गया है. लैलूंगा थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव ने बताया कि पीड़िता ने कॉलेज के प्रोफेसर और उसके एक साथी के खिलाफ लिखित शिकायत दी है. शिकायत में युवती ने आरोप लगाया है कि उसे लंबे समय से शारीरिक संबंध बनाने संबंधी संदेश भेजे जा रहे थे. इसके अलावा कई अन्य अश्लील मैसेज भी भेजे गए, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान हो गई.

Advertisement

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की

थाना प्रभारी के अनुसार शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस ने युवती को बयान दर्ज कराने के लिए थाने बुलाया है. हालांकि शिकायत देने के बाद वह दोबारा थाने नहीं पहुंची है. पुलिस का कहना है कि उससे संपर्क किया जा रहा है और उसके बयान दर्ज होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. वहीं सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के कारण यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है. अब जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि मामले में आगे क्या कार्रवाई की जाएगी.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »