एक गांव, 8 मौतें और कई सवाल... अब शवों को कब्र से बाहर निकलवाएगी पुलिस

छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार जिले के खर्वे गांव में कुछ महीनों के भीतर हुई 8 लोगों की मौतों की जांच तेज कर दी गई है. ग्रामीणों की मांग पर प्रशासन अब दफन शवों को निकालने की प्रक्रिया शुरू करेगा. पुलिस, फॉरेंसिक, स्वास्थ्य और राजस्व विभाग की टीमें मिलकर मौतों के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी हैं.

Advertisement
बालौदा बाजार में हुई 8 मौतों की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस. (Photo: Divendar Shukla/ITG) बालौदा बाजार में हुई 8 मौतों की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस. (Photo: Divendar Shukla/ITG)

aajtak.in

  • बालौदा बाजार,
  • 16 जून 2026,
  • अपडेटेड 2:01 PM IST

छत्तीसगढ़ में बलौदा बाजार जिले के कसडोल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खर्वे में पिछले कुछ महीनों के दौरान हुई 8 लोगों की मौत के मामले की जांच लगातार तेज होती जा रही है. एक शव को कब्र से निकालकर जांच के लिए भेजे जाने के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम एक बार फिर गांव पहुंची है. अब शेष 6 दफ्न शवों को कब्र से निकालने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है, ताकि मौतों के कारणों की वैज्ञानिक जांच कराई जा सके.

Advertisement

ग्रामीणों की मांग और लगातार सामने आ रही आशंकाओं को देखते हुए प्रशासन ने यह कार्रवाई शुरू की है. गांव वालों का कहना है कि सभी मृतकों की मौत की परिस्थितियों में काफी समानता दिखाई दे रही है, जिसके कारण पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच आवश्यक है. जानकारी के अनुसार मौत के बाद 7 लोगों के शवों को महानदी के किनारे दफ्न किया गया था, जबकि एक व्यक्ति का अंतिम संस्कार दाह संस्कार विधि से किया गया था.

पुलिस ने 13 जून 2026 को महेतरु साहू के शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम और अन्य जांच के लिए भेजा था. अब जांच के अगले चरण में शेष 6 दफन शवों को भी निकालकर पोस्टमार्टम एवं टॉक्सिकोलॉजी जांच कराई जाएगी. प्रशासन का मानना है कि वैज्ञानिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौतों के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा. इसी उद्देश्य से पंचनामा की कार्रवाई की जा रही है और विधि-विधान के अनुसार शवों को कब्र से बाहर निकाला जा रहा है.

Advertisement

ग्राम खर्वे में जिन 8 लोगों की अलग-अलग तिथियों में मौत हुई थी  उनके नाम इस प्रकार हैं- 
बदरी प्रसाद पटेल – 6 फरवरी 2026
बुटालु साहू – 20 फरवरी 2026
छत्तूराम साहू – 2 मार्च 2026
बुधराम जायसवाल – 13 मार्च 2026
विनोद साहू – 31 मार्च 2026
गजानंद मांझी – 20 अप्रैल 2026
चैतुराम साहू – 29 अप्रैल 2026
महेतरु साहू – 14 मई 2026

गांव वालों ने की थी जांच की मांग
मरने वालों में से बुधराम जायसवाल का अंतिम संस्कार विधि से किया गया था, जबकि अन्य मृतकों को महानदी के किनारे दफन किया गया था. लगातार कुछ ही महीनों के भीतर हुई इन मौतों ने गांव में चिंता और भय का माहौल पैदा कर दिया है. ग्रामीणों ने मौतों की परिस्थितियों में समानता होने का दावा करते हुए मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की थी. इसके बाद प्रशासन और पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की.

फिलहाल पुलिस फॉरेंसिक टीम के साथ राजस्व विभाग और स्वास्थ्य विभाग की टीम की मौजूदगी में पंचनामा और शव उत्खनन की कार्रवाई की जा रही है. जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मौतें सामान्य थीं या इनके पीछे कोई अन्य कारण जिम्मेदार था. पूरे मामले पर जिले की नजर बनी हुई है और ग्रामीण भी जांच के नतीजों का इंतजार कर रहे हैं.

Advertisement

(इनपुट- दीपेंदर शुक्ला)

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »