छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर शहर हैरान कर देने वाली कहानी सामने आई है. मामला अंबिकापुर शहर के बाल सुधार गृह यानी जुवेनाइल ऑब्जर्वेशन होम का है. मंगलवार की देर शाम यहां 11 बाल अपचारी खिड़की तोड़कर परिसर से फरार हो गए. घटना के बाद प्रबंधन और पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही गांधीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और फरार नाबालिगों की तलाश के लिए आसपास के क्षेत्रों में अभियान शुरू कर दिया.
दरअसल, देर शाम तेज बारिश होने लगी. इसी बीच बिजली गुल हो गई थी. अंधेरा हुआ तो नाबालिगों ने पहले सुधार गृह की खिड़की तोड़ी, फिर पीछे की दीवार फांदकर परिसर से निकल गए. यहां मुख्य द्वार पर दो सुरक्षाकर्मी तैनात थे, लेकिन घटना पीछे के हिस्से से होने के कारण किसी को भनक नहीं लग सकी.
यहां देखें Video
11 नाबालिगों के फरार होने की खबर मिलते ही सनसनी फैल गई. जानकारी पुलिस को दी गई. पुलिस ने तत्काल आसपास के इलाकों में नाकेबंदी कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया. संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि सभी फरार बालकों का पता लगाने की कोशिशें जारी हैं.
यह पहली बार नहीं है, जब बाल सुधार गृह की सुरक्षा व्यवस्था सवालों के घेरे में आई हो. इससे पहले भी यहां से अपचारी बालकों के भागने की घटनाएं हो चुकी हैं. बार-बार ऐसी घटनाओं के बाद प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते सुरक्षा व्यवस्था की खामियों को दूर नहीं किया गया तो भविष्य में और भी घटनाएं हो सकती हैं.
यह भी पढ़ें: MP: चाइल्ड केयर होम से भागे 6 बाल अपचारी, पूर्व DGP की नातिन अक्षया यादव हत्याकांड केस में थे बंद
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार हुए सभी 11 अपचारी बालकों की तलाश जारी है. प्रबंधन से जुड़े मनीष का कहना है कि शाम को तेज बारिश के बीच लाइट गुल हो गई थी, इसी का फायदा उठाते हुए 11 बच्चे फरार हो गए. हमने थाना प्रभारी को सूचित कर दिया है. उम्मीद है जल्द सभी पकड़े जाएंगे.
सुमित सिंह