बिहार: बेटी को जिस सांप ने काटा उसे बोरे में लेकर अस्पताल-पहुंचे मां-बाप, फिर भी नहीं बची जान

बिहार के आरा में एक लड़की को सांप ने काट लिया तो परिजन मरीज के साथ ही उस सांप को लेकर भी अस्पताल पहुंच गए. हालांकि डॉक्टर को सांप दिखाए जाने के दौरान वो बोरे से बाहर आ गया जिससे अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई. वहां मौजूद गार्डों ने लाठी-डंडे से पीटकर सांप को मारा. हालांकि युवती को भी नहीं बचाया जा सका.

Advertisement
सांकेतिक तस्वीर सांकेतिक तस्वीर

सोनू कुमार सिंह

  • आरा,
  • 07 अगस्त 2023,
  • अपडेटेड 6:14 PM IST

बिहार के आरा में एक लड़की को सांप ने काटा तो मरीज के साथ ही परिजन उस सांप को लेकर भी अस्पताल पहुंच गए. सदर अस्पताल में जिंदा सांप को देखकर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. 

दरअसल एक युवती को विषैले सांप के काटने के बाद उसके परिजन जिंदा सांप को पकड़कर और उसे बोरे में लेकर अस्पताल पहुंच गए. इस दौरान मरीज के परिजन ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर को बोरे से जिंदा सांप निकालकर दिखाने की कोशिश कर रहे थे. इसी बीच जिंदा सांप अस्पताल के फर्श पर इधर उधर भागने लगा.

Advertisement

सांप को देख अस्पताल के डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मियों के बीच अफरा-तफरी मच गई और डॉक्टर सहित अन्य स्टाफ इमरजेंसी वार्ड छोड़कर इधर-उधर भागने लगे. वहीं कुछ देर के बाद अस्पताल के सुरक्षाकर्मियों के द्वारा लाठी डंडे से सांप को मार दिया गया. इसके बाद इमरजेंसी वार्ड में डॉक्टर और मरीज वापस आएं.

यहां देखिए वीडियो      

घटना मुफ्फसिल थाना क्षेत्र की है जहां दरियापुर के रहने वाले कृष्णा साह की बेटी (उम्र - 20 साल) सपना को दरवाजे के पास बैठे विषैले सांप ने काट लिया. जिसके बाद परिजनों ने सांप को पकड़कर कर बोरे में बंद कर दिया. युवती की हालत बिगड़ने लगी तो परिजनों सांप और युवती दोनों को लेकर आरा सदर अस्पताल पहुंच गए. 

हालांकि जब परिजन लड़की को लेकर अस्पताल पहुंचे तब तक देर हो चुकी थी. सांप के काटने से सपना की मौत हो चुकी थी. मृत युवती के पिता कृष्णा साह ने बताया कि जब उनकी बच्ची सो कर उठी और घर का मुख्य दरवाजा खोलने गई तो वहां पहले से मौजूद सांप ने उसे काट लिया. 

Advertisement

इसके बाद हम लोग उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर आए और साथ ही सांप को भी ले आए ताकि उसे देखकर डॉक्टर जहर का अंदाजा लगा सकें. इसी दौरान सांप बोरी से बाहर निकल गया. उन्होंने कहा कि जब सांप को हमने पकड़ा था तो उस दौरान उसे मारने का मौका नहीं मिला क्योंकि बेटी की हालत लगातार खराब हो रही थी. 

वहीं सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में सुरक्षा ड्यूटी में तैनात गार्ड ने बताया कि  एक युवती को सांप ने काट लिया था. परिजन मरीज को इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लेकर आए थे. परिजनों के द्वारा डॉक्टर को बोरे में रखे सांप को दिखाए जाने के दौरान वो फर्श पर भागने लगा. लोगों ने काफी मशक्कत के बाद विषैले सांप को मार दिया जिससे माहौल शांत हुआ.

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »