प्रतिष्ठित जर्नल Nature Metabolism में एक रिसर्च प्रकाशित की गई है. इसमें बताया गया है कि बढ़ा हुआ बॉडी मास इंडेक्स (BMI) शरीर में कई तरह के कैंसर के खतरे को बढ़ा सकता है. इस स्टडी में दुनिया भर की 226 वैज्ञानिक स्टडीज का विश्लेषण किया गया ,जिनमें लगभग 15 लाख कैंसर मरीजों का डेटा शामिल था. इस डाटा के आधार पर बढ़ते बीएमआई को कैंसर का एक बड़ा कारण माना गया है. बीएमआई एक ऐसा माप है जो किसी व्यक्ति के वजन और उसकी लंबाई के आधार पर यह तय करता है कि उसका शरीर कितना स्वस्थ है. अगर किसी का बीएमआई 30 से अधिक है तो वह ओबेसिटी यानी मोटापे की श्रेणी में आता है.
रिसर्च में बताया गया है कि बढ़ा हुआ बीएमआई एंडोमेट्रियल कैंसर और इसोफेजियल एडेनोकार्सिनोमा कैंसर का रिस्क बढ़ा देता है. शोधकर्ताओं ने इस रिसर्च में पाया कि BMI में हर 5 अंक के इजाफे के साथ एंडोमेट्रियल कैंसर का खतरा 58 प्रतिशत और इसोफेजियल एडेनोकार्सिनोमा का खतरा 47 प्रतिशत तक बढ़ सकता है. रिसर्च के मुताबिक, बीएमआई बढ़ने से ब्लड कैंसर, नॉन-हॉजकिन लिम्फोमा, ब्लैडर कैंसर भी हो सकता है. स्टडी में ओवरी कैंसर का जोखिम भी कुछ एशियाई आबादी में अधिक देखा गया.
बढ़ता बीएमआई है खतरा
स्टडी में बताया गया है कि BMI में हर 5 अंक का इजाफा कैंसर को रिस्क को बढ़ाता रहता है. उदाहरण के तौर पर अगर किसी का बीएमआई 25 है और बढ़कर 30 हो गया तो कैंसर का रिस्क भी बढ़ेगा. हालांकि स्टडी में कुछ रोचक जानकारी भी सामने आई है. शोधकर्ताओं ने पाया कि अधिक BMI का संबंध कुछ कैंसरों के कम जोखिम से भी जुड़ा था. इनमें प्रीमेनोपॉजल ब्रेस्ट कैंसर, कभी धूम्रपान न करने वालों में फेफड़ों का कैंसर और इसोफेजियल स्क्वैमस सेल कार्सिनोमा शामिल हैं. हालांकि विशेषज्ञों का कहना है कि इन निष्कर्षों का यह मतलब नहीं है कि मोटापा फायदेमंद है.
यह भी पढ़ें: थाली में परोसा जा रहा है कैंसर, यूरोप में बैन केमिकल्स कैसे ले रहे भारतीयों की जान
दुनिया भर में तेजी से बढ़ रही है मोटापे की समस्या
पिछले तीन दशकों में दुनिया भर में मोटापे के मामलों में लगातार वृद्धि हुई है. भारत में भी मोटापे की समस्या तेजी से बढ़ रही है. गलत खानपान, खराब लाइफस्टाइल जैसी आदतें लोगों को मोटापे का शिकार बना रही है. अभी तक इस बीमारी से डायबिटीज, हार्ट डिजीज होने का रिस्क होता था, लेकिन अब इस स्टडी ने कैंसर का खतरा भी बताया है. ऐसे में मोटापे को कंट्रोल करने की जरूरत है.
मोटापा कैसे बढ़ाता है कैंसर का खतरा?
रिसर्च के वैज्ञानिकों के मुताबिक, जब शरीर पर अधिक फैट जमने लगता है तो इससे इंसुलिन और एस्ट्रोजन जैसे हार्मोन के लेवल पर असर पड़ता है. शरीर में लंबे समय तक सूजन बनी रह सकती है .इससे ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस भी बढ़ सकता है जो कैंसर के रिस्क को बढ़ा देता है
यह भी पढ़ें: हर समय टेंशन में रहते हैं? जानिए कैंसर से इसका क्या है संबंध, AIIMS के डॉक्टर ने बताया कितना खतरा
मोटापे को कंट्रोल करने के लिए क्या करे
रोज कम से कम आधा घंटा एक्सरसाइज करें
खानपान का ध्यान रखें
अधिक मात्रा में तेल और मैदा न खाएं
मीठी चीजों का सेवन सीमित मात्रा में करें
aajtak.in