दिवाली से पहले ही दिल्ली -एनसीआर में प्रदूषण बढ़ गया है. कई इलाकों में एक्यूआई 200 से ज्यादा हो गया है. बढ़ते प्रदूषण में कई बीमारियों के बढ़ने का रिस्क होता है. ऐसे में क्या हार्ट के मरीजों को इस समय घर के बाहर एक्सरसाइज करने जाना चाहिए या नहीं? ऐसा इसलिए क्योंकि बहुत से लोग अपने दिन की शुरुआत मॉर्निंग वॉक या हल्की एक्सरसाइज से करते हैं, हालांकि, जब हवा में प्रदूषण का लेवल बढ़ जाता है तो दिल की बीमारी से जूझ रहे लोगों पर इसका असर ज्यादा होने का रिस्क रहता है.
डॉक्टरों का कहना है कि आम तौर पर, सुबह का समय एक्सरसाइज के लिए सबसे अच्छा माना जाता है, लेकिन जब हवा ख़राब हो, तो बाहर एक्सरसाइज करना फायदे की जगह नुकसान कर सकता है. नोएडा के मेदांता हॉस्पिटल में कार्डियोलॉजी विभाग में डॉ निशांत त्यागी ने इस बारे में बताया है. वह कहते हैं कि प्रदूषण के समय इस चीज पर ध्यान देना होता है कि प्रदूषण हार्ट पर असर तो नहीं डाल रहा है, और एक्सरसाइज के लिए सही समय और जगह क्या होनी चाहिए.
पॉल्यूशन से सेहत पर कैसे पड़ता है असर
डॉ त्यागी बताते हैं कि वायु प्रदूषण में छोटे कण होते हैं, विशेष रूप से पीएम2.5,जो सांस लेने के दौरान लंग्स में चल जाते हैं और लंग्स में सूजन से लेकर कई तरह की परेशानी करते हैं. ये हार्ट के मरीजों में हाई बीपी और खून के थक्के बनाने का भी काम कर सकते हैं. हार्ट के मरीजों को इससे ज्यादा रिस्क होता है.
यह भी पढ़ें: Heart attack Causes : हर हार्ट अटैक ब्लॉकेज की वजह से नहीं होता, डॉक्टरों ने बताया ये भी हैं बड़े कारण
क्या हार्ट मरीजों को सुबह की सैर से बचना चाहिए?
इसका जवाब काफी हद तक हवा की क्वालिटी, व्यक्ति के हार्ट की स्थिति पर डिपेंड करता है. और उनके डॉक्टर की सलाह पर निर्भर करता है, सुबह का व्यायाम अपने आप में असुरक्षित नहीं है, लेकिन यह मानना कि सुबह की हवा हमेशा साफ होती है, हमेशा सही नहीं है. अगर एक्यूआई बहुत बढ़ गया है और ये खराब श्रेणी में चला गया है तो बाहर सैर या एक्सरसाइज से बचना चाहिए.
यह भी पढ़ें: क्या BP की दवाएं हमेशा खानी पड़ती है? दवा छोड़ने से हार्ट अटैक का खतरा कितना, डॉक्टर से जानें
इन लक्षणों को न करें नजरअंदाज
सीने में बेचैनी
सांस फूलना,
चक्कर आना
दिल की धड़कन तेज़ महसूस हो
अपना ट्रीटमेंट जारी रखें
प्रदूषण की वजह से दिल की दवा लेना बंद न करें और न ही इसकी खुराक में कोई बदलाव करें. जिन्हें पहले से ही दिल की बीमारी है, उन्हें अपने व्यायाम के रूटीन और किसी भी नए लक्षण के बारे में अपने कार्डियोलॉजिस्ट से बात करनी चाहिए.
आजतक हेल्थ डेस्क