फैक्ट चेक: धड़ाधड़ फायरिंग करते पुलिसवालों का ये वीडियो PoK में मचे हलिया बवाल का नहीं है

PoK प्रदर्शन से जोड़कर वायरल वीडियो भ्रामक निकला. फैक्ट चेक में पता चला कि यह मार्च 2026 में कराची के अमेरिकी दूतावास विरोध प्रदर्शन का है.

Advertisement

आजतक फैक्ट चेक

दावा
ये वीडियो PoK में ताजा बवाल के बीच प्रदर्शनकारियों पर गोली चलाते पाकिस्तानी पुलिसवालों का है.
सच्चाई
ये मार्च 2026 में कराची स्थित अमेरिकी दूतावास के बाहर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद हुए विरोध प्रदर्शन का वीडियो है.

फैक्ट चेक ब्यूरो

  • नई दिल्ली,
  • 10 जून 2026,
  • अपडेटेड 8:47 PM IST

पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर यानी PoK में इन दिनों भारी बवाल मचा हुआ है. PoK विधानसभा की 45 सीटों में से 12 सीटें आरक्षित किए जाने के खिलाफ लोग सड़कों पर उतर आए हैं. आंदोलन की अगुवाई जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी (JAAC) कर रही है. पाकिस्तान में हाल ही में JAAC को एक प्रतिबंधित संगठन घोषित किया गया था.

देखते ही देखते ये प्रदर्शन हिंसक हो गए और पुलिस कार्रवाई में कई लोगों की मौत हो गई. इसी संदर्भ में एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है. इसमें लोगों की भीड़ और कुछ पुलिसवालों के बीच झड़प देखी जा सकती है. पुलिसवाले अपनी पोजिशन लेते और लोगों पर गोली चलाते हुए भी नजर आ रहे हैं. इसके अलावा आंसू गैस का धुआं भी दिख रहा है.

Advertisement

लोग इसे PoK के ताजा बवाल का वीडियो बताकर शेयर कर रहे हैं. इसे एक्स पर शेयर करते हुए एक व्यक्ति ने लिखा, “पाकिस्तान निकला भारत से दो कदम आगे पीओके में प्रदर्शन के दौरान पुलिस पर पथराव किया तो 12 को गोली मार कर जन्नत रवाना किया.” इस पोस्ट का आर्काइव्ड वर्जन यहां देखा जा सकता है.

आजतक फैक्ट चेक ने पाया कि वीडियो मार्च 2026 का है और PoK में वर्तमान में चल रहे बवाल से संबंधित नहीं है. 

कैसे पता की सच्चाई?

वीडियो के कीफ्रेम्स को रिवर्स सर्च करने पर हमें इसका लंबा वर्जन Samar Abbas Journalist नाम के यूट्यूब चैनल पर मिला. समर अब्बास एक पाकिस्तानी पत्रकार हैं. उनके यूट्यूब चैनल पर ये वीडियो 3 मार्च, 2026 को अपलोड किया गया था. इतनी बात तो यहीं साफ हो गई कि ये वीडियो पुराना है और PoK के ताजा हालात से संबंधित नहीं है.
 

Advertisement

वीडियो के डिस्क्रिप्शन के मुताबिक, ये कराची में अमेरिकी दूतावास पर हुए हमले और विरोध प्रदर्शन के वक्त का वीडियो है. ईरान के पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद पाकिस्तान के कराची में उग्र प्रदर्शन हुए थे. हालात इतने बेकाबू हो गए थे कि प्रदर्शनकारियों ने अमेरिकी दूतावास के बाहर तोड़फोड़ और आगजनी की, और US कॉन्सुलेट में घुसने की भी कोशिश की. इस दौरान पुलिस कार्रवाई में कई लोगों की मौत भी हो गई.

समर अब्बास के वीडियो में पुलिस एक शख्स को पकड़कर ले जाती हुई दिखाई देती है. APT और द बिजनेस स्टैन्डर्ड की रिपोर्ट में भी इस शख्स की तस्वीर देखी जा सकती है. रिपोर्ट्स के मुताबिक पुलिस ने इस प्रदर्शनकारी को अमेरिकी दूतावास के पास से हिरासत में ले लिया था.

Getty ImagesAP Archive और Forbes Breaking News पर इस जगह हुए प्रदर्शन की कई तस्वीरें और वीडियो देखे जा सकते हैं.

साफ है, पीओके में हुए प्रदर्शन का एक पुराना वीडियो अभी का बताकर शेयर किया जा रहा है. 

 
---- समाप्त ----

क्या आपको लगता है कोई मैसैज झूठा ?
सच जानने के लिए उसे हमारे नंबर 73 7000 7000 पर भेजें.
आप हमें factcheck@intoday.com पर ईमेल भी कर सकते हैं
Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »