फैक्ट चेक: जेपी नड्डा ने पीएम मोदी के स्वागत के लिए नहीं किया ये "नाटक", कार में कोई और बैठा था 

सोशल मीडिया पर पीएम मोदी और जेपी नड्डा का एक पुराना वीडियो शेयर कर दावा किया जा रहा है कि दोनों नेता एक ही कार में आए थे, लेकिन स्वागत का नाटक करने के लिए जेपी नड्डा दूसरी तरफ से उतरकर गुलदस्ता देने पहुंच गए. आजतक फैक्ट चेक की जांच में यह दावा झूठा निकला.

Advertisement

आजतक फैक्ट चेक

दावा
पीएम मोदी और जेपी नड्डा एक ही गाड़ी में मौजूद थे. लेकिन कैमरे के सामने दिखाने के लिए नड्डा दूसरी तरफ से उतरे और फूल देकर पीएम का स्वागत किया.
सच्चाई
ये वीडियो 27 जुलाई, 2024 का है. उस दिन पीएम मोदी और जेपी नड्डा अलग-अलग गाड़ियों से बीजेपी दफ्तर पहुंचे थे. पीएम के बगल में बैठे व्यक्ति नड्डा नहीं थे.

ऋद्धीश दत्ता

  • कोलकाता,
  • 29 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 8:48 PM IST

सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री मोदी का एक वीडियो खूब वायरल हो रहा है. वीडियो में पीएम मोदी अपनी रेंज रोवर गाड़ी से उतरते हैं और इसके तुरंत बाद केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, पीएम को फूल देते हुए नजर आ रहे हैं. इसके बाद दोनों एक साथ एक भवन में चले जाते हैं.

इस वीडियो के साथ कुछ यूजर्स का कहना है कि पीएम मोदी और जेपी नड्डा एक ही गाड़ी में थे, लेकिन गाड़ी के रुकते ही नड्डा दूसरी तरफ से उतरकर पीएम का स्वागत करने पहुंच गए. ऐसे दावों के साथ लोग पीएम पर तंज भी कस रहे हैं.

Advertisement

वीडियो को शेयर करते हुए कुछ यूजर्स ने लिखा, “गजब की नौटंकी चल रही है. साहब और जेपी नड्डा इसी कार में साथ बैठे थे, जैसे ही कार रुकी, वो उतरे दूसरी तरफ से फूलों का गुलदस्ता लेकर, फिर फूल देकर साहेब को रिसीव करने का नाटक भी किया. मतलब साहब की इमेज बनी रहनी चाहिए.”

 

आजतक फैक्ट चेक ने पाया कि ये वीडियो 27 जुलाई, 2024 का है. उस दिन पीएम मोदी और जेपी नड्डा अलग-अलग गाड़ियों से बीजेपी दफ्तर पहुंचे थे. पीएम के बगल में बैठे व्यक्ति नड्डा नहीं थे.

कैसे पता की सच्चाई?

वीडियो के कीफ्रेम्स को रिवर्स सर्च करने पर हमें ये पीएम मोदी के ऑफिशियल यूट्यूब चैनल पर मिला. यहां इसे 27 जुलाई, 2024 को अपलोड किया गया था. कैप्शन के मुताबिक, ये वीडियो उस वक्त का है जब पीएम मोदी बीजेपी मुख्यालय पहुंचे थे.

Advertisement
 

बेहतर फ्रेम वाले इस वीडियो में करीब 10 सेकंड पर पीएम के साथ बैठा व्यक्ति हाथ में कुछ फाइलें लेकर गाड़ी से उतरता है. वीडियो के 15वे सेकंड पर इस व्यक्ति के चेहरे की झलक दिखाई देती है. पहली नजर में देखने पर ये व्यक्ति जेपी नड्डा नहीं, बल्कि कोई ‘अधिकारी’ लगते हैं.

दरअसल लोकसभा चुनाव 2024 के नतीजों के बाद 27 और 28 जुलाई को पीएम मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और बीजेपी के तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बीजेपी हेडक्वार्टर में बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और उप-मुख्यमंत्रियों के साथ मीटिंग की थी. ये वीडियो उसी वक्त का है.

कीवर्ड सर्च के जरिए हमें न्यूज एजेंसी पीटीआई का 27 जुलाई, 2024 का एक्स पोस्ट मिला. इसमें देखा जा सकता है कि जेपी नड्डा एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी में बीजेपी मुख्यालय पहुंचे थे, जबकि पीएम अपनी रंज रोवर में गए थे. इससे एक बात साफ हो जाती है, कि उस दिन दोनों नेता अलग-अलग गाड़ियों से बीजेपी दफ्तर पहुंचे थे.

इसके अलावा न्यूज एजेंसी एएनआई ( https://x.com/ANI/status/1817241181790843246?lang=bg ) के एक वीडियो में भी देखा जा सकता है कि 27 जुलाई को जब प्रधानमंत्री बैठक से निकल रहे थे, उस वक्त भी उनके दायीं तरफ वही ‘अधिकारी’ बैठे थे.

Advertisement

कौन थे पीएम के साथ बैठे व्यक्ति?

आमतौर पर प्रधानमंत्री के साथ सफर करने वाले लोग या तो उनकी सुरक्षा में तैनात एसपीजी अफसर होते हैं, या फिर पीएम के निजी सचिव. साल 2020 में गुजरात कैडर के आईएएस अधिकारी हार्दिक सतीशचंद्र शाह को प्रधानमंत्री मोदी के निजी सचिव के रूप में नियुक्त किया गया था. इसके बाद 2025 में आईएफएस अफसर निधि तिवारी को ये जिम्मेदारी मिली थी.

पीएम मोदी के साथ गाड़ी में बैठे व्यक्ति का चेहरा आईएएस सतीशचंद्र शाह से काफी मिलता है. 

ऐसे में हो सकता है कि ये व्यक्ति सतीशचंद्र शाह हों, लेकिन हम इसकी पुष्टि नहीं करते हैं, क्योंकि इसकी कोई विश्वसनीय जानकारी मौजूद नहीं है. लेकिन एक बात साफ है कि पीएम के साथ जेपी नड्डा नहीं थे, और दोनों नेता उस दिन अलग-अलग गाड़ियों में बीजेपी दफ्तर पहुंचे थे.

---- समाप्त ----

क्या आपको लगता है कोई मैसैज झूठा ?
सच जानने के लिए उसे हमारे नंबर 73 7000 7000 पर भेजें.
आप हमें factcheck@intoday.com पर ईमेल भी कर सकते हैं
Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »