फैक्ट चेक: ट्रेनों में भीड़ के पुराने वीडियो इंडिया ब्लॉक की ‘चलो दिल्ली’ रैली में जाते लोगों के बताकर वायरल

कई सोशल मीडिया यूजर रेलवे स्टेशनों में भीड़ के कुछ वीडियो शेयर करते हुए लिख रहे हैं कि सरकार 31 अक्टूबर को ट्रेनें बंद करने के चक्कर में थी ताकि 'चलो दिल्ली' रैली फ्लॉप हो जाए. लेकिन लोगों ने समझदारी दिखाई और पहले ही इसमें शामिल होने के लिए भारी संख्या में निकल गए. लेकिन ये सभी वीडियो पुराने निकले.

Advertisement

आजतक फैक्ट चेक

दावा
खचाखच भरी इस ट्रेन में वो लोग हैं जो इंडिया ब्लॉक की 'चलो दिल्ली' रैली में हिस्सा लेने जा रहे हैं.
सच्चाई
ये वीडियो फरवरी 2025 से ही इंटरनेट पर मौजूद है. इसका 'चलो दिल्ली' रैली से कुछ लेना-देना नहीं है.

ज्योति द्विवेदी

  • नई दिल्ली,
  • 31 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 2:41 PM IST

इंडिया गठबंधन 1 नवंबर को वोट चोरी और संविधान की रक्षा के मुद्दे को लेकर 'चलो दिल्ली' रैली का आयोजन कर रहा है. नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने छात्रों से अपील की है कि वो पुलिस की लाठियों से न डरें और ज्यादा से ज्यादा संख्या में इसमें शामिल हों.

इसी संदर्भ में सोशल मीडिया पर ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों में भीड़ के दो वीडियो वायरल हो रहे हैं. कई लोगों का कहना है कि लोग देश के कोने-कोने से 'चलो दिल्ली' रैली में शामिल होने के लिए निकल गए हैं. पहला वीडियो खचाखच भरी एक ट्रेन का है जिसमें लोग दरवाजों पर किसी तरह लटके हुए हैं.

Advertisement

एक एक्स यूजर ने वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, "जैसा कि आप सब जानते हैं कि 1 नवंबर को रामलीला मैदान दिल्ली में महारैली होने जा रही है. इसी क्रम में सुनने को मिल रहा है कि मोदी जी की सरकार 31 अक्टूबर को ट्रेन बंद करने के चक्कर में थी. पर योजना उल्टी पड़ती दिख रही है क्योंकि लोग पहले से ही उत्तर से लेकर दक्षिण राज्यों से पहुंच रहे हैं. लोग लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करने के लिए अपना समर्थन दे रहे हैं. CHALO DELHI EK KRAANTI LANE JA RAHA HAI.”

वहीं, इसी संदर्भ में शेयर हो रहे एक दूसरे वीडियो में किसी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर भारी भीड़ नजर आ रही है.

एक फेसबुक यूजर ने इसे पोस्ट करते हुए लिखा, “#चलो_दिल्ली - क्रेज नेक्स्ट लेवल! 1 नवंबर को रामलीला मैदान में होने वाली रैली का क्रेज बहुत ज्यादा है! एक्साइटमेंट दूसरे लेवल पर है! दिल्ली जाने वाली ट्रेन की बुकिंग फुल हैं, हर ट्रेन भरी हुई है! बसें, फ्लाइट्स सब ओवरबुक! देश के कोने-कोने से लोग खुद ही आ रहे हैं, मैंने ऐसी एनर्जी पहले कभी नहीं देखी! लोग डेमोक्रेसी बचाना चाहते हैं! भीड़ HISTORIC होने वाली है! #RahulGandhi”

Advertisement

लेकिन आजतक फैक्ट चेक ने पाया कि ये दोनों ही वीडियो न तो हाल-फिलहाल के हैं और न ही इनका इंडिया ब्लॉक की ‘चलो दिल्ली’ रैली से कुछ लेना-देना है.

कैसे पता चली सच्चाई?

पहले वीडियो के कीफ्रेम्स को रिवर्स सर्च करने से ये हमें पटना के व्लॉगर राहुल मिश्रा के इंस्टाग्राम अकाउंट पर मिला. यहां इसे 19 फरवरी, 2025 को पोस्ट किया गया था. यहां वीडियो के साथ कैप्शन में लिखा है, “पटना गया मेमू ट्रेन में भारी भीड़". पटना गया मेमू ट्रेन पटना और गया के बीच चलती है. इस पोस्ट में राहुल ने पटना जंक्शन रेलवे स्टेशन को बतौर लोकेशन टैग किया है.

राहुल अक्सर ही ट्रेनों के वीडियो पोस्ट करते रहते हैं.  उन्होंने आजतक को बताया कि वो एक रेलवे व्लॉगर हैं और पटना गया मेमू ट्रेन का ये वीडियो उन्होंने पटना जंक्शन रेलवे स्टेशन में शूट किया था.
  
दूसरे वीडियो की क्या कहानी है?

इसके बारे में सर्च करने पर हमें पता लगा कि इसे मुरैना, मध्य प्रदेश के कंटेंट क्रिएटर गजेंद्र पोरसा ने 23 जुलाई, 2026 को इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया था. उन्होंने इस वीडियो को चंबल क्षेत्र का बताया था और वीडिया पर लिखा था, “चिल गाएज, एमपी चंबल वाले आ रहे हैं अब होगा फुल प्रोटेस्ट.” वीडियो के कैप्शन में उन्होंने #cjp हैशटैग इस्तेमाल किया था, जिसे देखकर लगता है कि ये वीडियो कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन से संबंधित हो सकता है. उस वक्त और भी कई सोशल मीडिया यूजर्स ने इसे शेयर किया था.
गौरतलब है कि कॉकरोच जनता पार्टी ने जून और जुलाई 2026 में नीट पेपर लीक के मुद्दे को लेकर जंतर मंतर में विरोध प्रदर्शन किया था जिसके बाद 25 जुलाई को तत्कालीन शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने इस्तीफा दे दिया था.

Advertisement

गजेंद्र ने आजतक को बताया कि ये वीडियो जुलाई 2026 में कॉकरोच जनता पार्टी के प्रोटेस्ट के समय वायरल हुआ था. उनका कहना था कि ये ग्वालियर का हो सकता है. जाहिर है, दोनों ही वीडियो पुराने हैं और इनका 'चलो दिल्ली' रैली से कोई संबंध नहीं है.

---- समाप्त ----

क्या आपको लगता है कोई मैसैज झूठा ?
सच जानने के लिए उसे हमारे नंबर 73 7000 7000 पर भेजें.
आप हमें factcheck@intoday.com पर ईमेल भी कर सकते हैं
Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »