फैक्ट चेक: नशे में पंजाब सीएम? नहीं, इस वीडियो में किसी और व्यक्ति की जगह लगा दिया गया भगवंत मान का चेहरा

पंजाब के सीएम भगवंत मान का बताकर एक वीडियो वायरल है, जिसमें वो कथित तौर पर नशे में धुत दिख रहे हैं. हालांकि असल वीडियो में कोई दूसरा व्यक्ति था, भगवंत मान नहीं.

Advertisement

आजतक फैक्ट चेक

दावा
ये वीडियो पंजाब के सीएम भगवंत मान का है, जिसमें वो नशे की हालत में अजीबोगरीब हरकतें करते नजर आ रहे हैं.
सच्चाई
ये 2017 का वीडियो है, जिसमें असल में जस्सी देओल नाम के व्यक्ति थे. वायरल वीडियो में जस्सी की जगह भगवंत मान का चेहरा लगा दिया गया.

अभिषेक पाठक

  • नई दिल्ली,
  • 31 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 8:19 PM IST

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इसमें भगवंत मान जैसा दिखने वाला एक शख्स नशे की हालत में कुर्सी पर बैठकर अजीबोगरीब बातें करता हुआ नजर आ रहा है.

कई सोशल मीडिया यूजर इसे पंजाब सीएम का वीडियो बताकर उनकी खूब आलोचना कर रहे हैं. एक्स पर एक व्यक्ति ने लिखा, “उड़ते पंजाब का उड़ता सीएम.” वहीं, एक अन्य व्यक्ति ने तंज कसते हुए लिखा, “खुशनसीब है उस राज्य की प्रजा, जिसको ऐसा सीएम मिला हो.” 
  

Advertisement

आजतक फैक्ट चेक ने पाया कि ये 2017 का एक वीडियो है, जिसमें असल में जस्सी देओल नाम के व्यक्ति थे. वायरल वीडियो में जस्सी की जगह भगवंत मान का चेहरा लगा दिया गया है. 

कैसे पता की सच्चाई?

वायरल वीडियो में भगवंत मान जैसा दिखने वाला व्यक्ति “अपने मुंडे दा व्याह” बोलता है, और इसके बाद चिल्लाता है. “मुंडे दा व्याह”. कीवर्ड सर्च करने पर हमें “वायरल विडियोज एंटरटेनमेंट” नाम के एक यूट्यूब चैनल पर सितंबर 2017 का एक वीडियो मिला. 

इस वीडियो में भगवंत मान की जगह कोई दूसरा व्यक्ति नजर आता है. ये व्यक्ति हूबहू उसी स्थिति में कुर्सी पर बैठकर वही सब बातें करता हुआ दिखाई दे रहा जैसा वायरल वीडियो में देखा जा सकता है. साफ पता चल रहा है कि इस असली वीडियो में छेड़छाड़ करके इसमें भगवंत मान को दिखा दिया गया, जबकि असल में कोई और व्यक्ति था. 

Advertisement

क्या है इस वीडियो की कहानी?  

इस वीडियो में नजर आ रहे शख्स का नाम जस्सी देओल है. ये वीडियो 2017 में काफी वायरल हुआ था. एक इंटरव्यू में जस्सी ने बताया था कि वो एक शादी में गए थे, जहां उन्होंने शराब पी ली थी. उस दौरान किसी ने उनका ये वीडियो रिकार्ड कर लिया था और बाद में सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया था.

लोगों ने उनका ये वीडियो इतना ज्यादा पसंद किया था कि एक्टर और सिंगर दिलप्रीत ढिल्लों ने 2017 में ‘Sade Munde Da Viah’ नाम का एक गाना बनाया था और इसके म्यूजिक वीडियो में जस्सी देओल को भी शामिल किया था. मार्च 2018 में हार्ट अटैक के चलते जस्सी देओल की मौत हो गई थी.

साफ है कि वायरल वीडियो में दिख रहे व्यक्ति भगवंत मान नहीं हैं.    

---- समाप्त ----

क्या आपको लगता है कोई मैसैज झूठा ?
सच जानने के लिए उसे हमारे नंबर 73 7000 7000 पर भेजें.
आप हमें factcheck@intoday.com पर ईमेल भी कर सकते हैं
Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »