करण कुंद्रा और तेजस्वी प्रकाश टीवी टाउन के पॉपुलर और फेवरेट कपल्स में शुमार हैं. दोनों लंबे समय से एक दूसरे को डेट कर रहे हैं. ऐसे में फैंस से लेकर सेलेब्स तक को उनकी शादी का बेकरारी से इंतजार रहता है. अब टीवी शो 'लाफ्टर शेफ' में करण और तेजस्वी की शादी की रस्में निभाई गईं.
करण-तेजस्वी की हुई शादी?
कलर्स के इंस्टा हैंडल पर 'लाफ्टर शेफ' शो का एक खास प्रोमो वीडियो शेयर किया गया है. प्रोमो में लाफ्टर शेफ के सभी सितारे करण कुंद्रा और तेजस्वी के प्री-वेडिंग फंक्शन्स सेलिब्रेट करते हुए दिखाई दे रहे हैं. कृष्णा अभिषेक मस्ती करते हुए बोले- करण और तेजस्वी ने अपनी शादी का कॉन्ट्रैक्ट किसी दूसरे चैनल को दे रखा है. इसलिए शादी न बोलकर हम इनका कुछ-कुछ सेलिब्रेट कर रहे हैं.
करण और तेजस्वी ने टीवी शो में एक दूसरे को वरमाला भी पहनाई. दोनों ने दूध से भरे ताल में अंगूठी ढूंढने की रस्म निभाते भी दिखे. इसके बाद करण मजाकिया अंदाज में बोले- मैंने तो मजाक में पहनाई थी वरमाला, लेकिन ये तो मेरे गले का फंदा ही बन गई.
विक्की ने करण के लिए क्यों मांगा वकील?
करण की इस बात पर एल्विश यादव ने मजे लेते हुए कहा- करण भाई भगवान आपको हिम्मत दे. इसपर विक्की जैन बोले- भगवान अच्छा वकील भी दे. विक्की की बात सुनकर वहां मौजूद हर किसी की हंसी छूट गई.
वहीं, करण और तेजस्वी की शादी की रस्में देखकर फैंस खुशी से गदगद हो गए हैं. फैंस का कहना है कि दोनों को टीवी शो पर ही शादी कर लेनी चाहिए.
9 साल का है फासला
करण और तेजस्वी के रिश्ते की बात करें तो दोनों का प्यार बिग बॉस में परवान चढ़ा था. शो के बाद उनका रिश्ता और भी ज्यादा गहरा हो गया. कई सालों से दोनों लिवइन रिलेशनशिप में रह रहे हैं. करण 41 साल के हैं, जबकि तेजस्वी प्रकाश 32 साल की हैं. दोनों की उम्र में 9 साल का फर्क है. मगर करण तेजस्वी के रिश्ते में कभी उम्र दीवार नहीं बनी. फैंस को अब बस उनकी रियल वेडिंग का इंतजार है.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क