हिमेश रेशमिया ने संवारा जिसका करियर, घमंड में हुआ बर्बाद, कहां है इंडियन आइडल का सिंगर

विनीत सिंह की कहानी सिर्फ एक सिंगर की नहीं, बल्कि उन हजारों कलाकारों की है, जो रियलिटी शो की रातोरात मिली शोहरत के बाद संघर्ष के लंबे दौर से गुजरते हैं और फिर भी उम्मीद नहीं छोड़ते. 

Advertisement
बर्बाद हुआ करियर (Photo: Social Media) बर्बाद हुआ करियर (Photo: Social Media)

आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 11 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 12:27 PM IST

लखनऊ के विनीत सिंह का नाम हिंदी म्यूजिक रियलिटी शोज के इतिहास में खास तौर से दर्ज है. साल 2005 में ‘सा रे गा मा पा सिंगिंग सुपरस्टार’ के पहले रनर-अप बने विनीत ने उस वक्त देशभर में खूब सुर्खियां बटोरीं. शो के बाद उन्हें फिल्मी गाने भी मिले, जैसे ‘हुक्का बार’, ‘जलते दिए’, ‘प्रेम लीला’ और ‘दिल रंग दे’, लेकिन करियर की राह वैसी नहीं रही जैसी उम्मीद थी. 

Advertisement

सारेगामापा के बाद क्या हुआ?
विनीत ने खुद कई इंटरव्यू में स्वीकार किया है कि सारेगामापा के बाद मिली सफलता और फेम को वे संभाल नहीं पाए. उन्होंने कहा, “मैं सफलता और शोहरत को हैंडल नहीं कर पाया. लोकप्रियता देखकर मैं खुद को शाहरुख खान समझने लगा था. मुझे पता है कि गलती मेरी थी, लेकिन जो होता है, किसी वजह से होता है.” इस दौर में वो डिप्रेशन से भी गुजरे और लंबे समय तक बिना किसी से बात किए अकेले ही इस स्थिति से बाहर निकले. 

नतीजा ये रहा कि धीरे-धीरे वो म्यूजिक इंडस्ट्री से किनारे होते गए. कई सालों तक वो मुंबई में संघर्ष करते रहे, कभी-कभी छोटे-मोटे प्रोजेक्ट्स मिलते, लेकिन वह ‘स्टार’ वाली छवि नहीं बनी रही जो सारेगामापा के बाद बनी थी.

इंडियन आइडल 13 से वापसी
2022 में विनीत ने ‘इंडियन आइडल 13’ के ऑडिशन में हिस्सा लिया और एक बार फिर सुर्खियों में आ गए. शो के प्रोमो में जब नेहा कक्कड़ ने उन्हें देखा, तो वो हैरान रह गईं. नेहा ने कहा कि वो विनीत को जज नहीं कर सकतीं, क्योंकि वो पहले से ही एक शो के स्टार रहे हैं. विनीत ने जिद करके उन्हें जज करने के लिए राजी किया और कहा कि वो इस मंच पर अपने करियर की दूसरी पारी शुरू करना चाहते हैं.

Advertisement

विनीत ने खुद कहा कि वो अब ‘विनीत 2.0’ बनकर लौटे हैं. एक नई वर्जन जो बदलाव को अपनाती है और दोबारा उठ खड़ी होती है. शो में वो टॉप 15 तक पहुंचे, लेकिन आगे नहीं जा सके और 2023 की शुरुआत में एलिमिनेट हो गए. सारेगामापा में विनीत के मेंटर हिमेश रेशमिया थे और इंडियन में भी उन्हें अपने गुरू का पूरा सपोर्ट मिला. लेकिन सपोर्ट के बावजूद वो शो में पहले जैसी बात नहीं ला सके. 

अब कहां हैं विनीत सिंह?
इंडियन आइडल 13 के बाद विनीत फिर से म्यूजिक और लाइव परफॉर्मेंस के जरिए अपनी पहचान बनाने की कोशिश में हैं. वो मुंबई में रहते हैं और सोशल मीडिया पर एक्टिव हैं, जहां वो अपने गाने और परफॉर्मेंस शेयर करते रहते हैं. हालांकि, बॉलीवुड में बड़े प्रोजेक्ट्स की बात अभी तक सामने नहीं आई है, लेकिन उनकी वापसी ने साबित कर दिया कि वो अभी भी संगीत के प्रति समर्पित हैं और दोबारा मौका पाने के लिए तैयार हैं.

विनीत की कहानी सिर्फ एक सिंगर की नहीं, बल्कि उन हजारों कलाकारों की है, जो रियलिटी शो की रातोरात मिली शोहरत के बाद संघर्ष के लंबे दौर से गुजरते हैं और फिर भी उम्मीद नहीं छोड़ते. 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »